
गोरखपुर, 18 अगस्त 2026:
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में प्रांतीय रक्षक दल यानी PRD के स्वयंसेवकों के ड्यूटी भत्ते में बढ़ोतरी का ऐलान किया। अब PRD जवानों को रोजाना 500 रुपये की जगह 600 रुपये ड्यूटी भत्ता मिलेगा। योगी सरकार के कार्यकाल में यह चौथी बार है जब स्वयंसेवकों के भत्ते में इजाफा किया गया है। इस दौरान उन्होंने पीआरडी बैरक का शिलान्यास भी किया।
250 से 600 रुपये तक पहुंचा भत्ता
योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित PRD स्वयंसेवकों के सम्मेलन में सीएम योगी ने कहा कि 2019 तक जवानों को रोजाना 250 रुपये ड्यूटी भत्ता मिलता था। 2019 में इसे 375 रुपये किया गया। 2022 में भत्ता 395 रुपये पहुंचा। 2025 में इसे बढ़ाकर 500 रुपये किया गया था। अब यह राशि 600 रुपये रोजाना होगी। गोरखपुर के अजय, भीमसेन, धीरेंद्र, उमेश कुमार, लखनऊ की स्नेहलता रावत, अनामिका वर्मा, कुशीनगर की चंदा भारती, मऊ के जय सिंह, चंदौली के मो. शाकिर, वाराणसी के किशन गुप्ता को मुख्यमंत्री के हाथों कार्ड मिला।
कैशलेस इलाज की भी शुरुआत, 1.55 लाख से ज्यादा लोगों को फायदा
सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने ‘मुख्यमंत्री PRD कैशलेस चिकित्सा योजना’ की शुरुआत की। इसके तहत 31 हजार से ज्यादा PRD स्वयंसेवकों को हर साल 5 लाख रुपये तक कैशलेस इलाज की सुविधा मिलेगी। इलाज सरकारी अस्पतालों के साथ सरकार से इम्पैनल्ड अस्पतालों में कराया जा सकेगा। इससे PRD स्वयंसेवकों के परिवारों को जोड़कर इस योजना का फायदा 1 लाख 55 हजार से ज्यादा लोगों को मिलेगा। सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने 10 स्वयंसेवकों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा कार्ड भी दिए।
23 करोड़ से बनेगा PRD बैरक
मुख्यमंत्री ने रिमोट के जरिए लखनऊ में करीब 23 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले बहुमंजिला PRD बैरक का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि पुलिस के साथ होमगार्ड स्वयंसेवकों के लिए भी सुविधाएं बढ़ाई गई हैं। अब PRD जवानों के लिए भी हाईराइज बैरक तैयार किया जा रहा है।

आपदा से चुनाव ड्यूटी तक निभाई जिम्मेदारी
योगी ने कहा कि PRD स्वयंसेवक कानून व्यवस्था में पुलिस व प्रशासन की मदद करते हैं। आपदा प्रबंधन, महाकुंभ, दीपोत्सव, रंगोत्सव, ट्रैफिक व्यवस्था, चुनाव ड्यूटी समेत अलग-अलग जिम्मेदारियों में उनकी भूमिका रहती है। उन्होंने कहा कि पहले जवानों को पर्याप्त ड्यूटी नहीं मिलती थी, जबकि अब कई जगह ड्यूटी के लिए जवान कम पड़ रहे हैं।
PRD का बजट 543 करोड़ रुपये पहुंचा
सम्मेलन में राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार राजनीतिक पेंशन, सैनिक कल्याण व प्रांतीय रक्षक दल डॉ. सोमेंद्र तोमर ने कहा कि 2017 से पहले PRD का बजट 23 करोड़ रुपये था। अब यह बढ़कर 543 करोड़ रुपये हो चुका है। उन्होंने PRD जवानों को शांति, सुरक्षा व जनसेवा में अहम भूमिका निभाने वाला बताया।

PRD जवानों को दिया राष्ट्र प्रथम का संदेश
मुख्यमंत्री ने स्वयंसेवकों से देश प्रथम की भावना के साथ जिम्मेदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि भारत की एकता, अखंडता व सुरक्षा से किसी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने जाति, क्षेत्र व भाषा के नाम पर समाज को बांटने की कोशिश करने वालों से सतर्क रहने की बात कही।
2017 से पहले सरकारी खजाना लूटकर दुबई में पैसा छिपाया
मुख्यमंत्री ने सम्मेलन के दौरान पूर्व की सपा सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पहले प्रदेश का विकास ‘सैफई सिंडिकेट’ तक सीमित था। योगी ने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों में सरकारी खजाने की लूट हुई, जिसका पैसा विदेश में छिपाया गया। योगी ने कहा कि जिन लोगों ने कथित तौर पर अवैध कमाई का पैसा दुबई में रखा, उन्हें वहां मिसाइल गिरने पर चिंता हुई। लूट की राजनीति करने वालों को प्रदेश की तरक्की से परेशानी हो रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में दंगे, कर्फ्यू, माफिया का दबदबा व अव्यवस्था जैसी समस्याएं थीं। उनके मुताबिक अब कानून व्यवस्था की स्थिति बदली है। उन्होंने कहा कि प्रदेश से दंगे व माफिया का प्रभाव खत्म हुआ है।

यूपी को बताया देश का ग्रोथ इंजन
योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब बीमारू राज्य नहीं है, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बन चुका है। उनके मुताबिक नौ साल में प्रदेश की अर्थव्यवस्था 12 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 36 लाख करोड़ रुपये हो गई। प्रति व्यक्ति आय 43 हजार रुपये से बढ़कर 1 लाख 20 हजार रुपये पहुंची है। राज्य का सालाना बजट भी करीब 3 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 9.70 लाख करोड़ रुपये हो गया है।
सम्मेलन में ये लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में जिला पंचायत की प्रशासक साधना सिंह, विधायक फतेह बहादुर सिंह, श्रीराम चौहान, विपिन सिंह, महेंद्रपाल सिंह, प्रदीप शुक्ल, सरवन निषाद, एमएलसी व भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह, PRD विभाग के सचिव सुहास एलवाई, भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय, जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी, महानगर अध्यक्ष रमेश प्रताप गुप्ता, पूर्व महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता समेत कई लोग मौजूद रहे।






