Gorakhpur

गोरखपुर में सीएम योगी का डबल एक्शन, विपक्ष पर हमला, अफसरों को जलभराव पर अल्टीमेटम

सम्मेलन में अध्यक्षों से कहा जो बूथ जीतेगा वो चुनाव जीतेगा, सपा-कांग्रेस पर लगाए गंभीर आरोप, 2027 चुनाव की तैयारियों का भी दिया संदेश, जलभराव, बाढ़ बचाव, सफाई, स्वास्थ्य सेवाओं पर अधिकारियों की जवाबदेही तय करने के निर्देश

गोरखपुर, 22 जुलाई 2026:

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को गोरखपुर दौरे में राजनीतिक संगठन और प्रशासन, दोनों मोर्चों पर साफ संदेश दिया। एक ओर उन्होंने भाजपा के बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में सपा और कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए विपक्ष पर छात्रों और किसानों को भड़काने का आरोप लगाया, वहीं दूसरी ओर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में जलभराव, बाढ़ बचाव और शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने साफ कहा कि बारिश के दौरान शहर में कहीं भी जलभराव नहीं होना चाहिए। किसी भी स्तर पर लापरवाही मिली तो जिम्मेदारी तय कर सख्त कार्रवाई होगी।

बूथ सम्मेलन से 2027 चुनाव का संदेश

योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित गोरखपुर शहर और ग्रामीण विधानसभा के बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में सीएम ने दोनों विधानसभा क्षेत्रों के 892 बूथ अध्यक्षों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भाजपा की चुनावी ताकत बूथ से शुरू होती है और जो बूथ जीतेगा, वही चुनाव भी जीतेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से लोगों के बीच लगातार संपर्क बनाए रखने और सरकार की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने की अपील की। योगी ने भरोसा जताया कि बूथ स्तर पर मजबूत संगठन के दम पर भाजपा 2027 में उत्तर प्रदेश में लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी।

ये भी पढ़ें:

सपा-कांग्रेस पर साधा निशाना

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि सपा और कांग्रेस पहले किसानों को भड़काने का काम करती थीं, अब छात्रों को आंदोलन के लिए उकसाकर उन्हें बदनाम करने की कोशिश कर रही हैं। उन्होंने कहा कि दोनों दल झूठा नैरेटिव फैलाकर देश में भ्रम पैदा करना चाहते हैं। उनके मुताबिक विपक्ष एक झूठ को बार-बार दोहराकर उसे सच साबित करने की राजनीति करता है, जिसे भाजपा कार्यकर्ताओं को जनता के बीच बेनकाब करना होगा। उन्होंने कांग्रेस पर प्रधानमंत्री की सुरक्षा में सेंध लगाने की कोशिश का भी आरोप लगाया और कहा कि देश के खिलाफ साजिश करने वालों की राजनीति जनता समझ चुकी है।

2

विकास, रोजगार और योजनाओं का भी जिक्र

सीएम ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का फायदा बिना भेदभाव हर पात्र तक पहुंच रहा है। उन्होंने बताया कि देश में 80 करोड़ और उत्तर प्रदेश में 16 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन मिल रहा है। डीबीटी व्यवस्था से योजनाओं में पारदर्शिता आई है। रोजगार का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में 9 लाख युवाओं को बिना सिफारिश और बिना भ्रष्टाचार के सरकारी नौकरी दी गई है। उन्होंने अयोध्या, काशी विश्वनाथ धाम, विंध्याचल धाम और नैमिषारण्य के विकास कार्यों को भी सरकार की उपलब्धियों में गिनाया।

जलभराव पर जीरो टॉलरेंस

राजनीतिक कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने एनेक्सी भवन सभागार में अधिकारियों के साथ विकास कार्यों, बाढ़ बचाव और जलनिकासी की समीक्षा की। उन्होंने साफ कहा कि शहर में जलभराव किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। सभी नालों और नालियों की नियमित सफाई हो, बारिश के समय पंप पूरी क्षमता से चलें और कहीं भी पानी जमा न होने पाए। उन्होंने नालों को अतिक्रमण मुक्त कराने, सिंगल यूज प्लास्टिक पर रोक लगाने और समयबद्ध तरीके से नाला निर्माण व मरम्मत के काम पूरे करने के निर्देश दिए।

3

सफाई, फॉगिंग और स्वास्थ्य सेवाओं पर जोर

मुख्यमंत्री ने राप्ती कॉम्प्लेक्स, गोरक्ष एंक्लेव, विजय चौराहा और धर्मशाला इलाके में जलभराव की जानकारी ली और गोडधोइया नाले का निरीक्षण किया। उन्होंने नगर निगम को सभी पंप चालू रखने, नियमित फॉगिंग और छिड़काव कराने, वार्डों, मलिन बस्तियों और खाली प्लॉटों की सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने लोगों से भी नालियों में कूड़ा न डालने के लिए जागरूकता अभियान चलाने को कहा। स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए गए कि जिला अस्पताल समेत सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में एंटी स्नेक वेनम और एंटी रैबीज वैक्सीन उपलब्ध रहे।

बाढ़, गोवंश और डॉग शेल्टर पर निर्देश

मुख्यमंत्री ने बाढ़ प्रभावित इलाकों में तटबंधों की नियमित निगरानी, बाढ़ चौकियों की सक्रियता और राहत केंद्रों की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने बीमारी रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरतने और क्षतिग्रस्त सड़कों की समय पर मरम्मत के निर्देश भी दिए। बैठक में बेसहारा गोवंश को सड़कों से हटाकर सुरक्षित स्थानों पर रखने के साथ ही आवारा कुत्तों के लिए डॉग शेल्टर बनाने के निर्देश भी दिए। इसके अलावा स्ट्रीट लाइट, सीसीटीवी, स्ट्रीट वेंडर्स की व्यवस्था और सरकारी भवनों की सफाई पर भी विशेष ध्यान देने को कहा।

ये भी पढ़ें  जूता छुपाई की रस्म में 50 हजार की जगह 5000 दिए, भड़के दुल्हन पक्ष वालो ने दूल्हे की पिटाई कर दी

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button