
गोरखपुर, 11 सितंबर 2026:
यूपी के गोरखपुर में खोराबार थाना क्षेत्र के सहारा एस्टेट में शुक्रवार सुबह इंजीनियर अभिषेक त्रिपाठी का शव उनके बंद मकान में मिला। करीब चार दिन से मकान का दरवाजा बंद था। शुक्रवार सुबह कमरे से तेज दुर्गंध आने पर पड़ोसियों को शक हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची तो सोफा सेट पर 45 वर्षीय अभिषेक का शव पड़ा था।
चार दिन से नहीं दिखे थे अभिषेक
अभिषेक त्रिपाठी सहारा एस्टेट के मल्हार स्थित मकान नंबर 2/202 में रहते थे। वह मूल रूप से देवरिया जिले के रहने वाले थे। आसपास के लोगों के मुताबिक, पिछले करीब चार दिनों से मकान बंद था। अभिषेक भी इस दौरान बाहर दिखाई नहीं दिए थे।
दुर्गंध आने पर पड़ोसियों ने दी सूचना
शुक्रवार सुबह मकान से तेज दुर्गंध आने लगी। पड़ोसियों को किसी अनहोनी की आशंका हुई तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। खोराबार पुलिस मौके पर पहुंची। बताया जा रहा है कि कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। पुलिस ने दरवाजा खुलवाकर अंदर प्रवेश किया तो सोफा सेट पर अभिषेक का शव मिला।
➡️आज दिनांक 11.09.2026 को थाना खोराबार पर सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति पिछले 03-04 दिनों से अपने घर से बाहर नहीं निकला है तथा उसके घर के बाहर फाउल स्मेल आ रही है। उक्त सूचना पर स्थानीय पुलिस बल द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर देखा गया तो गेट अन्दर… pic.twitter.com/ZLUXcgCS0Z
— Gorakhpur Police (@gorakhpurpolice) September 11, 2026
फोरेंसिक टीम ने कमरे की छानबीन की
शव मिलने की सूचना पर फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने कमरे की बारीकी से जांच की, मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस यह भी देख रही है कि कमरे में संघर्ष के कोई निशान या दूसरी संदिग्ध स्थिति तो नहीं थी।
पोस्टमार्टम से साफ होगी मौत की वजह
पुलिस ने अभिषेक के परिवार को घटना की जानकारी दे दी है। परिवार के आने का इंतजार किया जा रहा है। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। सीओ कैंट कीर्ति निधि आनंद ने बताया कि दरवाजा अंदर से बंद था। सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ होगी।






