Gorakhpur

सीएम ने की कचरे से बने ईको पार्क की सैर… गोरखपुर को दी 1055 करोड़ की सौगात

497 परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास, नौसढ़-मलौनी फोरलेन से जाम से राहत की उम्मीद स्वच्छ स्कूल अभियान की शुरुआत, एक लाख बच्चों के जरिए घर-घर पहुंचेगा सफाई का संदेश

हरेंद्र धर दुबे

गोरखपुर, 23 अप्रैल 2026:

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को राप्ती नदी के एकला बंधे पर आयोजित कार्यक्रम में 1055 करोड़ रुपये की लागत वाली 497 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इसी दौरान लिगेसी वेस्ट हटाकर बनाए गए ईको पार्क और नौसढ़-मलौनी फोरलेन सड़क को भी जनता को समर्पित किया।

WhatsApp Image 2026-04-23 at 1.46.59 PM

सीएम ने कहा कि साफ नीयत और मजबूत इच्छाशक्ति हो तो हालात बदलने में ज्यादा वक्त नहीं लगता। उन्होंने गोरखपुर में बीते नौ वर्षों में हुए बदलाव को इसका उदाहरण बताया। एक समय गोरखपुर में शहर के प्रवेश पर कचरे के ढेर दिखाई देते थे, जिससे खराब छवि बनती थी। अब उसी जगह 2.26 लाख मीट्रिक टन कचरे का निस्तारण कर ईको पार्क तैयार किया गया है, जो परिवारों के लिए पिकनिक स्पॉट और नए पर्यटन केंद्र के रूप में उभरा है। यहां बच्चों के खेलने की जगह, योग-ध्यान के लिए शांत वातावरण और हरियाली विकसित की गई है। सीएम ने पार्क की सैर की और टायर से बने शेर के साथ फोटो भी खिंचवाई।

WhatsApp Image 2026-04-23 at 1.47.00 PM

सीएम ने स्वच्छ स्कूल अभियान की शुरुआत भी की। मुख्यमंत्री ने बताया कि एक लाख से अधिक स्कूली बच्चों को इसमें जोड़ा जा रहा है, जो घर-घर स्वच्छता का संदेश पहुंचाएंगे। बच्चों को रिड्यूस, रियूज, रिसाइकिल की जानकारी दी जाएगी और वेस्ट टू आर्ट, निबंध और रील्स जैसी गतिविधियां कराई जाएंगी।

सीएम ग्रिड योजना के तहत छह स्मार्ट सड़कों का शिलान्यास भी किया गया। इनमें गणेश चौक से विश्वविद्यालय चौक, कचहरी चौक से शास्त्री चौक, बेतियाहाता से अलहदादपुर, टीडीएम तिराहा से टीपीनगर और अन्य प्रमुख मार्गों को आधुनिक सुविधाओं के साथ विकसित किया जाएगा। इसके अलावा विभिन्न वार्डों में सड़क और नाली निर्माण, जल निकासी के लिए नालों का निर्माण, ग्रीन बेल्ट और मिनी फॉरेस्टेशन जैसे कार्यों को भी मंजूरी दी गई। गुलरिहा से चिलुआताल तक स्टॉर्म वाटर ड्रेन निर्माण और तीन पार्कों के सौंदर्यीकरण की योजनाएं भी शामिल हैं।

WhatsApp Image 2026-04-23 at 1.46.59 PM (1)

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने नगर निगम के नए वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और ईको पार्क का भ्रमण कर पौधरोपण भी किया। इस मौके पर सांसद रविकिशन शुक्ल, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, विधायक विपिन सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button