Gorakhpur

गोरखपुर ने रचा इतिहास : AI for All प्रोग्राम से बना गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड

एक हफ्ते में 7.64 लाख से ज्यादा रजिस्ट्रेशन, योगी सरकार की पहल को मिला वैश्विक सम्मान, गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के प्रतिनिधि ने मुख्यमंत्री और टाटा संस के चेयरमैन को सौंपा प्रमाण पत्र

गोरखपुर, 15 अप्रैल 2026:

पूर्वांचल के गोरखपुर ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) जागरूकता के क्षेत्र में नया इतिहास रच दिया है। AI for All अवेयरनेस प्रोग्राम ने मात्र एक सप्ताह में 7,64,187 ऑनलाइन पंजीकरण हासिल कर गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में अपनी जगह बना ली है। यह उपलब्धि सीएम योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में संभव हो सकी है।

इस महत्वाकांक्षी कार्यक्रम को महाराणा प्रताप इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एमपीआईटी) ने टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) और अन्य शैक्षणिक संस्थानों के सहयोग से संचालित किया। बुधवार को गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के प्रतिनिधि ऋषि नाथ ने एमपीआईटी में आयोजित समारोह के दौरान सीएम योगी और टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन को इस ऐतिहासिक उपलब्धि का प्रमाण पत्र सौंपा।

यह सम्मान पूर्वी उत्तर प्रदेश के पहले ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ के लोकार्पण समारोह के मंच पर दिया गया। इससे कार्यक्रम की महत्ता और बढ़ गई। गौरतलब है कि एमपीआईटी ने इस अभियान के लिए 5 लाख पंजीकरण का लक्ष्य तय किया था लेकिन 9 अप्रैल तक यह संख्या 7.64 लाख से अधिक पहुंच गई। ये अपने आप में एक रिकॉर्ड बन गई।

इस पहल में दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय, मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय, महायोगी गुरु गोरखनाथ राज्य आयुष विश्वविद्यालय, एमपी पॉलिटेक्निक, आईटीएम गीडा और बीआईटी गीडा जैसे कई प्रमुख संस्थानों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

गिनीज प्रतिनिधि के अनुसार इस रिकॉर्ड को प्रमाणित करने से पहले ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया को कड़े अंतरराष्ट्रीय मानकों पर परखा गया। पूरी तरह निशुल्क इस कार्यक्रम में प्रतिभागियों को एआई की बुनियादी जानकारी, जनरेटिव एआई टूल्स, प्रॉम्प्टिंग और प्रोडक्टिविटी, जिम्मेदार एआई उपयोग, साइबर हाइजीन, फ्रॉड प्रिवेंशन, पासवर्ड व ओटीपी सुरक्षा और सुरक्षित डिजिटल प्रथाओं का व्यापक प्रशिक्षण दिया जाएगा।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button