GorakhpurLucknow City

अखाड़े में दम दिखाओ, 1.01 लाख और गदा घर ले जाओ! गोरखनाथ मंदिर में आज से दंगल का महाकुंभ

प्रदेशभर के करीब 325 पहलवान दिखाएंगे दमखम, उत्तर प्रदेश केसरी, कुमार और वीर अभिमन्यु खिताब के लिए होगी जोरदार भिड़ंत, 17 अगस्त को सीएम योगी करेंगे पुरस्कार वितरण

लखनऊ/गोरखपुर, 16 अगस्त 2026:

नागपंचमी के उपलक्ष्य में गोरखनाथ मंदिर परिसर एक बार फिर देशज खेलों की प्राचीन परंपरा और पहलवानों के दमखम का गवाह बनने जा रहा है। मंदिर परिसर में वर्षों से आयोजित होने वाली पारंपरिक दो दिवसीय कुश्ती प्रतियोगिता का आगाज आज होगा। इस बार प्रदेश स्तरीय सीनियर प्राइजमनी पुरुष कुश्ती प्रतियोगिता को और भव्य बनाया गया है। प्रतियोगिता के तीनों खिताबों के विजेताओं को 1.01-1.01 लाख रुपये की नकद पुरस्कार राशि के साथ गदा प्रदान की जाएगी।

प्रदेश के खेल विभाग और जिला कुश्ती संघ की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश केसरी, उत्तर प्रदेश कुमार और उत्तर प्रदेश वीर अभिमन्यु तीन प्रमुख खिताबों के लिए पहलवान जोर आजमाइश करेंगे। प्रदेश के विभिन्न स्पोर्ट्स कॉलेजों, स्पोर्ट्स छात्रावासों, मंडलों और जिलों से करीब 325 पहलवान प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे।

जिला कुश्ती संघ के अध्यक्ष एवं अंतरराष्ट्रीय पहलवान दिनेश सिंह के मुताबिक नागपंचमी पर कुश्ती और अन्य देशज खेलों के आयोजन की सदियों पुरानी परंपरा रही है। गोरखनाथ मंदिर का इस परंपरा से विशेष जुड़ाव है। कुश्ती को प्रोत्साहित करने के लिए गोरक्षपीठाधीश्वर एवं सीएम योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर पिछले कुछ वर्षों में इस आयोजन का स्वरूप प्रदेश स्तरीय और विराट किया गया है।

ये भी पढ़ें:

प्रतियोगिता में तीनों खिताबों के उपविजेताओं को 51-51 हजार रुपये दिए जाएंगे, जबकि तीसरे स्थान पर रहने वाले हर वर्ग के दो-दो पहलवानों को 25-25 हजार रुपये का पुरस्कार मिलेगा। इतना ही नहीं, प्रतियोगिता में शामिल सभी पहलवानों को हर कुश्ती बाउट के लिए खेल विभाग की ओर से 500 रुपये की धनराशि भी दी जाएगी।

प्रतियोगिता का उद्घाटन आज दोपहर किया जाएगा। इसके बाद अलग-अलग भार वर्गों में मुकाबलों का सिलसिला शुरू होगा। फाइनल मुकाबले और पुरस्कार वितरण 17 अगस्त को दोपहर बाद तीन बजे होंगे। समापन समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे और विजेता पहलवानों को पुरस्कार देकर उनका उत्साह बढ़ाएंगे।

नागपंचमी के अवसर पर होने वाला यह दंगल प्रदेश के उभरते पहलवानों के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने के बड़े मंच के साथ गोरखनाथ मंदिर की अखाड़ा परंपरा को भी नई पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा।

ये भी पढ़ें  ED के दुरुपयोग के खिलाफ सड़कों पर उतरी कांग्रेस, अजय राय बोले... जेल जाने को तैयार, पीछे नहीं हटेंगे

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button