हरेंद्र धर दुबे
गोरखपुर, 6 मई 2026:
गोरखपुर से एक बड़ी और दिल छू लेने वाली तस्वीर सामने आई है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने प्रवास के दूसरे दिन भी जनता के बीच जाकर यह साफ कर दिया कि सरकार सिर्फ कागजों में नहीं बल्कि जमीन पर भी लोगों के साथ खड़ी है।
बुधवार सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनता दर्शन में करीब 200 लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। कोई बीमारी से परेशान था तो कोई आर्थिक तंगी से जूझ रहा था लेकिन हर चेहरे पर एक उम्मीद थी और वो उम्मीद थी सीधे मुख्यमंत्री से मिलने की। सीएम योगी ने हर व्यक्ति की बात ध्यान से सुनी उनके प्रार्थना पत्र देखे और मौके पर ही अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि किसी भी जरूरतमंद को परेशान होने की जरूरत नहीं है, सरकार उसके साथ है।

आयुष्मान कार्ड बनेगा सहारा
इस दौरान सबसे ज्यादा भावुक पल तब आया जब कई लोग गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए मदद मांगते हुए पहुंचे। मुख्यमंत्री ने उनसे सीधा सवाल किया कि क्या आपका आयुष्मान कार्ड बना है? और फिर भरोसा दिलाया कि अगर पैसा इलाज में बाधा बन रहा है तो सरकार इसे रुकने नहीं देगी।
CM योगी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि हर पात्र व्यक्ति का आयुष्मान कार्ड बनना चाहिए ताकि किसी को इलाज के लिए दर-दर न भटकना पड़े। साथ ही अस्पताल का इस्टीमेट मिलते ही तुरंत उस व्यक्ति की आर्थिक मदद दी जाएगी। जनता दर्शन में देखने को मिला कि अगर नेतृत्व मजबूत हो तो सिस्टम भी तेजी से काम करता है और आम आदमी की आवाज सच में सुनी जाती है।






