LLB छात्रों का यूनिवर्सिटी में हंगामा… कापियों के मूल्यांकन पर दागे सवाल, प्रशासनिक भवन घेरा
लॉ फर्स्ट ईयर के छात्रों ने कहा- पोर्टल पर बार-बार बदले जा रहे परीक्षा परिणाम, सही तरीके से नहीं चेक हो रहीं कॉपियां, परीक्षा नियंत्रक कार्यालय के बाहर नारेबाजी
लखनऊ, 1 जून 2026ः
लखनऊ विश्वविद्यालय में कभी फीस तो कभी पेपर लीक को लेकर छात्रों का प्रदर्शन थमने का नाम नहीं ले रहा है। एलएलबी के फर्स्ट ईयर के छात्रों ने सोमवार को कैंपस में प्रशासनिक भवन का घेराव किया। इस दौरान परीक्षा नियंत्रक कार्यालय के बाहर सेमेस्टर रिजल्ट की खामियों को लेकर जमकर नारेबाजी की।
नाराज छात्रों का कहना था कि उन्होंने कॉपी में जितना लिखा था, उससे कम नंबर मिले हैं। कॉपी सही से चेक नहीं की गई हैं। छात्रों का कहना है कि पोर्टल पर परीक्षा परिणाम बार-बार बदल जा रहे हैं। उनका कहना है कि इस मामले में परीक्षा नियंत्रक खुद स्पष्टीकरण दें। साथ ही जो लोग इन गड़बड़ियों में शामिल हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए।
छात्रों के प्रदर्शन की जानकारी मिलने पर प्रॉक्टोरियल बोर्ड के सदस्य मौके पर पहुंचे और उनको किसी तरह शांत किया। इसके बाद कुलपति के नाम ज्ञापन लिया। सदस्यों ने छात्रों को उनकी समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया। ज्ञापन में कहा गया कि परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद से वे अपनी समस्याओं को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन से संपर्क कर रहे हैं।
छात्रों का कहना है कि 20 मई को प्रदर्शन के दौरान विश्वविद्यालय प्रशासन ने चार दिनों में समाधान का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई। उनकी मांग है कि जिन विद्यार्थियों को अपने परीक्षा परिणाम पर शक है, उनकी कॉपी की स्क्रूटनी और री चेकिंग पारदर्शिता के साथ कराई जाए। साथ ही जिन छात्रों के परिणाम में त्रुटियां मिली हैं, उनके अंक संशोधित कर दोबारा रिजल्ट घोषित किया जाए।
ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि संशोधित परिणाम जारी होने के बाद राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत पात्र छात्रों को द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा का फॉर्म भरने का मौका दिया जाए। इसके साथ ही छात्रों ने आगामी सेमेस्टरों में एक्सटर्नल के अंक 70 और इंटरनल के 30 अंक की व्यवस्था करने की मांग की।






