
गोरखपुर, 5 सितंबर 2026:
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर DRI की टीम ने अमरनाथ एक्सप्रेस से चरस की तस्करी कर रहे तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो महिलाएं शामिल हैं। दोनों के पास से 5.88 किलो चरस बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय अवैध बाजार में कीमत करीब 5.88 करोड़ रुपये आंकी गई है। तीनों बिहार के सुगौली से ट्रेन में सवार होकर पंजाब के लुधियाना जा रहे थे।
इनपुट मिलने पर स्टेशन पहुंची DRI की टीम
राजस्व खुफिया निदेशालय DRI को सूचना मिली थी कि अमरनाथ एक्सप्रेस से मादक पदार्थ की खेप ले जाई जा रही है। ट्रेन गुवाहाटी से जम्मू की तरफ जा रही थी। सूचना के बाद टीम गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंची और ट्रेन के आने का इंतजार करने लगी। एनाउंसमेंट होते ही टीम अलर्ट हो गई।
महिलाओं ने कपड़ों में छिपाई थी चरस
ट्रेन शुक्रवार की शाम करीब साढ़े चार से पांच बजे के बीच स्टेशन पहुंची। ट्रेन के प्लेटफार्म पर रुकते ही बताए गए कोच में खोजबीन शुरू हो गई। DRI की टीम ने संदिग्ध यात्रियों की पहचान कर दो महिलाओं समेत एक पुरुष को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान महिलाओं के घुटने के कैप में लपेटकर रखे गए पैकेट मिले। कुछ चरस साड़ी के भीतर भी छिपाई गई थी। कुल 11 पैकेट में 5.88 किलो चरस बरामद हुई।
पूर्वी चंपारण के रहने वाले हैं तीनों
पूछताछ में आरोपितों की पहचान बिहार के पूर्वी चंपारण निवासी रूमा देवी, मिश्र कुमार व उसकी पत्नी संगीता कुमारी के रूप में हुई। DRI ने बरामद मादक पदार्थ को NDPS Act के तहत जब्त कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया। बरामद मादक पदार्थ की कीमत 5 करोड़ से अधिक बताई गई।
पंजाब का लिंक तलाशने में जुटी टीम
शुक्रवार को DRI ने तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से तीनों को जेल भेज दिया गया। DRI अब यह पता लगाने में जुटी है कि चरस की खेप कहां व किस्से से ली गई थी, इसे पंजाब में किसे सौंपा जाना था।






