Gorakhpur

81 शिक्षकों को ‘गुरु दक्षिणा’! सम्मान के साथ बढ़ेगी नौकरी और मुफ्त सफर का तोहफा

शिक्षक दिवस पर आज गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे सम्मानित, 61 बेसिक और 20 माध्यमिक शिक्षक शामिल, हर शिक्षक को 25 हजार रुपये, प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न

गोरखपुर, 5 सितंबर 2026:

भावी पीढ़ी को गढ़ने, शिक्षा में नए प्रयोग करने और शिक्षण कार्य को नई दिशा देने वाले प्रदेश के 81 शिक्षकों को शिक्षक दिवस पर योगी सरकार सम्मानित करेगी। गोरखपुर के योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में शनिवार को होने वाले भव्य समारोह में सीएम योगी आदित्यनाथ चयनित शिक्षकों को ‘राज्य अध्यापक पुरस्कार 2025’ और ‘मुख्यमंत्री अध्यापक पुरस्कार 2025’ प्रदान करेंगे।

पुरस्कार पाने वाले 81 शिक्षकों में बेसिक शिक्षा विभाग के 61 और माध्यमिक शिक्षा विभाग के 20 शिक्षक शामिल हैं। खास बात यह है कि चयनित शिक्षकों में 33 महिला शिक्षक भी हैं। इनमें बेसिक शिक्षा विभाग की 31 और माध्यमिक शिक्षा विभाग की दो शिक्षिकाएं शामिल हैं।

समारोह में बेसिक और माध्यमिक शिक्षा के 76 शिक्षकों को राज्य अध्यापक पुरस्कार जबकि स्ववित्तपोषित माध्यमिक विद्यालयों के पांच शिक्षकों को मुख्यमंत्री अध्यापक पुरस्कार दिया जाएगा। स्ववित्तपोषित विद्यालयों के शिक्षकों को प्रोत्साहित करने के लिए मुख्यमंत्री अध्यापक पुरस्कार की शुरुआत वर्ष 2018 में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ही की थी।

ये भी पढ़ें:

यह सम्मान केवल मंच पर तालियों तक सीमित नहीं रहेगा अपितु शिक्षकों को कई बड़े लाभ भी देगा। हर पुरस्कार विजेता को प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह और 25 हजार रुपये की सम्मान राशि प्रदान की जाएगी। राज्य स्तरीय पुरस्कार पाने वाले शिक्षकों की सेवानिवृत्ति आयु में दो वर्ष की वृद्धि होगी। इसके अलावा उन्हें उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों में आजीवन निशुल्क यात्रा की सुविधा भी मिलेगी।

पुरस्कार समारोह के लिए प्रदेश के अलग-अलग जिलों से गोरखपुर पहुंचे चयनित शिक्षकों के ठहरने की व्यवस्था शासन ने विशिष्ट अतिथि के रूप में होटलों में की है। समारोह को मुख्यमंत्री के साथ माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गुलाब देवी और बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह भी संबोधित करेंगे। मत्स्य विभाग के मंत्री संजय निषाद, गोरखपुर सांसद रविकिशन समेत कई जनप्रतिनिधि भी समारोह में मौजूद रहेंगे।

ये भी पढ़ें  मासूम पर टूट पड़ा खूंखार झुंड : लखनऊ में सात वर्षीय अंशिका की कुत्तों के हमले में मौत

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button