CrimeHardoi City

रसोई में खाना बना रही पत्नी को कथावाचक ने मारी गोली, मौत, बेटा बोला- मां पर शक करता था पिता

पत्नी के पेट में लगी थी गोली, लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान मौत, बेटे का आरोप, मां के चरित्र पर शक करता था पिता, पहले भी मारपीट की बात सामने आई, ढाई बीघा खेत बेचने को लेकर भी पति-पत्नी में चल रहा था विवाद, घटना के बाद आरोपी फरार

हरदोई, 4 सितंबर 2026:

यूपी के हरदोई में पत्नी को गोली मारकर हत्या करने वाले कथावाचक की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। शाहाबाद क्षेत्र के मिश्रीपुर में गुरुवार सुबह खाना बनाते समय दुर्गेशवती (45) को उनके पति दुर्गा प्रसाद ने लाइसेंसी राइफल से गोली मार दी थी। गंभीर हालत में उन्हें लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया था, जहां शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे उनकी मौत हो गई।

खाना बनाते वक्त हुआ विवाद,लाइसेंसी राइफल से मारी गोली

परिजनों के मुताबिक, गुरुवार सुबह करीब 10 बजे दुर्गेशवती घर की रसोई में खाना बना रही थीं। इसी दौरान पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि दुर्गा प्रसाद ने पत्नी के चरित्र को लेकर टिप्पणी की, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। इसी दौरान दुर्गा प्रसाद कमरे से अपनी लाइसेंसी राइफल लेकर आए। उन्होंने दुर्गेशवती के पेट में गोली मार दी। फायरिंग की आवाज सुनकर घर के बच्चे मौके पर पहुंचे। आसपास के लोग भी वहां पहुंच गए। इसके बाद आरोपी घर से फरार हो गया।

ये भी पढ़ें:

पहले सीएचसी, फिर लखनऊ भेजा गया

गोली लगने के बाद परिजन दुर्गेशवती को शाहाबाद सीएचसी लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर किया। वहां से उन्हें लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर भेजा गया। करीब 25 घंटे तक चले इलाज के बाद शुक्रवार सुबह उनकी मौत हो गई। दोपहर करीब 2 बजे बेटे ने पुलिस को मां की मौत की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। आरोपी पति की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

बेटे ने लगाए चरित्र पर शक के आरोप

दुर्गेशवती के बड़े बेटे ने पुलिस को दी शिकायत में पिता पर हत्या का आरोप लगाया है। बेटे हर्ष के मुताबिक, उसके पिता शादी के बाद से ही मां के चरित्र पर शक करते थे। वह अक्सर मां को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करते थे। इस वजह से घर में कई बार विवाद होता था। बेटे ने यह भी आरोप लगाया कि पिता पहले भी मां के साथ मारपीट कर चुके थे। पुलिस इन आरोपों की भी जांच कर रही है।
hardoi-storyteller-shoots-wife-license-rifle-trauma-center-death (2)

23 साल पहले हुई थी शादी

दुर्गेशवती की शादी वर्ष 2003 में दुर्गा प्रसाद से हुई थी। दोनों के तीन बेटे देवव्रत (22), देव (17), हर्ष (16) व एक बेटी वैष्णवी (15) है। सबसे बड़ा बेटा देवव्रत गुरुग्राम में नौकरी करता है। ASP आलोक राज नारायण ने बताया कि बेटे की शिकायत पर आरोपी पति के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

ये भी पढ़ें  एटीएम बूथ की एसी में घंटों आराम फरमाता रहा सांड...मायूस लौटे दर्जनों ग्राहक

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button