
न्यूज डेस्क, 11 सितंबर 2026:
यूपी के नोएडा में घर खरीदारों से धोखाधड़ी के मामले में CBI ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच एजेंसी ने अजारा इंडिया लिमिटेड के प्रमोटरों-डायरेक्टरों के साथ ICICI Bank, HDFC Bank, PNB Housing Finance व सम्मान कैपिटल लिमिटेड से जुड़े 15 अधिकारियों के खिलाफ 20वीं चार्जशीट दाखिल की है। यह कार्रवाई सेक्टर-118 स्थित अजारा एम्ब्रोसिया हाउसिंग प्रोजेक्ट से जुड़े मामले में हुई है।
झूठे वादों से खरीदारों को लुभाने का आरोप
CBI के मुताबिक जांच में सामने आया कि बिल्डर कंपनी के प्रमोटरों-डायरेक्टरों ने घर खरीदारों व निवेशकों को आकर्षित करने के लिए कथित तौर पर झूठे वादे किए। आरोप है कि इन तरीकों के जरिए खरीदारों से पैसा लिया गया, जिसके बाद गैरकानूनी तरीके से आर्थिक फायदा हासिल किया गया।
राउज एवेन्यू कोर्ट में दाखिल हुई चार्जशीट
जांच एजेंसी ने मामले में मिले सबूतों के आधार पर राउज एवेन्यू डिस्ट्रिक्ट कोर्ट, नई दिल्ली स्थित विशेष CBI अदालत में चार्जशीट दाखिल की है। इसमें IPC की आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी व आपराधिक विश्वासघात से जुड़ी धाराओं के साथ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की संबंधित धाराएं लगाई गई हैं।
CBI files 20th Chargesheet against Builder Company and its Promoters/ Directors and Bank Officials in the Homebuyers Fraud Cases pic.twitter.com/xaafIntY0o
— Central Bureau of Investigation (India) (@CBIHeadquarters) September 10, 2026
देशभर में 34 मामलों की जांच जारी
CBI के मुताबिक घर खरीदारों से कथित धोखाधड़ी व फंड डायवर्जन से जुड़े 34 अन्य मामलों की जांच भी चल रही है। इन मामलों में देश के अलग-अलग हिस्सों की बिल्डर कंपनियों के साथ वित्तीय संस्थानों से जुड़े अज्ञात अधिकारियों की भूमिका की जांच की जा रही है। ये मामले सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के तहत जांच के दायरे में आए हैं।
पहले 19 मामलों में दाखिल हो चुकी है चार्जशीट
इससे पहले CBI रुद्र बिल्डवेल कंस्ट्रक्शंस, ड्रीम प्रोकॉन, जेपी इंफ्राटेक, AVJ डेवलपर्स इंडिया, CHD डेवलपर्स, सीक्वल बिल्डकॉन, लॉजिक्स सिटी डेवलपर्स, मंजू जे होम्स इंडिया, शुभकामना बिल्डटेक, Ninex Developers, Decent Buildwell, Rudra Buildwell Projects, Ithaca Estate, LGCL Urban Homes India, Saha Infratech, MKHS Housing, Ozone Urbana Infra Developers व Earthcon Universal Infratech समेत कई बिल्डर कंपनियों से जुड़े मामलों में 19 चार्जशीट दाखिल कर चुकी है। इन मामलों में कुछ बैंकों व वित्तीय संस्थानों के अधिकारियों की भूमिका भी जांच के दायरे में रही है।






