Gorakhpur

पंचायत के फैसले से विदाई टली तो बेकाबू हुआ पति, पत्नी व सास पर चाकू से हमला

पंचायत में विदाई रविवार को कराने पर बनी थी सहमति, रात में आरोपी ने सब्जी काटने वाला चाकू खरीदा, पत्नी की हालत गंभीर, पुलिस ने हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर आरोपी को हिरासत में लिया

गोरखपुर, 16 जुलाई 2026:

गोरखपुर में पत्नी की विदाई टलने से नाराज एक युवक ने ससुराल पहुंचकर पत्नी और सास पर चाकू से हमला कर दिया। वारदात में पत्नी के पेट में गंभीर जख्म आए, जबकि बीच-बचाव करने पहुंची उसकी मां भी घायल हो गईं। दोनों को बीआरडी मेडिकल कॉलेज के नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां पत्नी की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर केस दर्ज किया है।

पंचायत में बनी थी रविवार को विदाई की सहमति

पुलिस के मुताबिक, चिलुआताल थाना क्षेत्र के मोहरीपुर निवासी विनोद की शादी करीब 13 साल पहले गुलरिहा क्षेत्र के लंगड़ी गांव निवासी ललिता से हुई थी। दंपती के दो बेटे और एक बेटी हैं। कुछ समय से ललिता अपने मायके में रह रही थी। उसे वापस ससुराल भेजने को लेकर दोनों परिवारों के बीच विवाद चल रहा था।

ये भी पढ़ें:

बुधवार दोपहर विनोद अपने रिश्तेदारों के साथ पत्नी की विदाई कराने ससुराल पहुंचा। दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक पंचायत चली। आखिर में तय हुआ कि ललिता की विदाई रविवार को कर दी जाएगी। समझौते के बाद सभी लोग अपने-अपने घर लौट गए, लेकिन विनोद इस फैसले से नाराज था।

रात में दोबारा पहुंचा, छत पर किया हमला

पुलिस के अनुसार, बुधवार रात करीब आठ बजे विनोद ने रास्ते में एक ठेले से सब्जी काटने वाला चाकू खरीदा और दोबारा ससुराल पहुंच गया। उस समय गांव में बिजली नहीं थी। ललिता अपनी मां फेंकनी देवी के साथ घर की छत पर मौजूद थी। आरोप है कि वहां पहुंचते ही विनोद ने कहासुनी शुरू कर दी और फिर चाकू निकालकर पत्नी के पेट पर कई वार कर दिए। बेटी को बचाने पहुंचीं फेंकनी देवी पर भी उसने हमला कर दिया, जिससे वह भी घायल हो गईं। वारदात के बाद आरोपी मौके से भाग निकला।

मेडिकल कॉलेज में चल रहा इलाज, पति हिरासत में

घटना की सूचना मिलते ही गुलरिहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को बीआरडी मेडिकल कॉलेज भेजा। डॉक्टरों की निगरानी में दोनों का इलाज चल रहा है। ललिता की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायल ललिता की भाभी शबनम की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी विनोद के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। एसपी सिटी निमिष पाटिल ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

ये भी पढ़ें  सावन : महादेवा में बाबा लोधेश्वर धाम पहुंचेगा कांवड़ियों का सैलाब, मेले की तैयारियां तेज

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button