हरेंद्र धर दुबे
गोरखपुर, 16 मार्च 2026:
गोरखनाथ इलाके में 9 साल के बच्चे का शव तालाब में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। बच्चे के परिवार ने पड़ोस में रहने वाले एक किशोर पर तालाब में धकेलकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपी बाल अपचारी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
घटना हुमायूपुर उत्तरी इलाके की है। यहां खाली जगह पर झुग्गी झोपड़ी बनाकर असम के कुछ परिवार रहते हैं और कबाड़ बीनकर गुजारा करते हैं। बच्चे के पिता अब्दुल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका बेटा मोमिनुल हक रविवार शाम इफ्तार के बाद पड़ोस में रहने वाले एक लड़के के साथ घर से निकला था। इसके बाद वह देर रात तक वापस नहीं लौटा।
परिवार ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। बाद में पुलिस को बच्चे के लापता होने की सूचना दी गई। सोमवार सुबह करीब दस बजे रेलवे पटरी के पास स्थित तालाब में बच्चे का शव मिला। सूचना मिलते ही गोरखनाथ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
पूछताछ में पता चला कि बच्चा आखिरी बार पड़ोस में रहने वाले किशोर के साथ देखा गया था। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की तो उसने बच्चे को तालाब में धकेलने की बात कबूल कर ली। आरोपी ने बताया कि उस समय वह शराब के नशे में था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही घटना के दूसरे पहलुओं की भी जांच की जा रही है। इलाके में यह भी चर्चा है कि बच्चे के साथ कोई और वारदात तो नहीं हुई, इसलिए इस पहलू पर भी जांच की जा रही है। क्षेत्राधिकारी गोरखनाथ रवि कुमार सिंह ने बताया कि पिता की सूचना पर 15 साल के आरोपी बाल अपचारी को हिरासत में लिया गया है।




