लखनऊ, 13 फरवरी 2026:
अयोध्या, काशी जैसे अहम धार्मिक स्थानों के साथ राजधानी लखनऊ समेत 19 जिलों की कचहरी में बम विस्फोट करने की धमकी भरे मेल से हड़कंप मच गया है। सूचना मिलते ही कचहरी परिसर को तत्काल खाली करा लिया गया है। इस घटना के मद्देनजर पूरे परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। कचहरी को वकीलों व वादकारियों से खाली कराया जा रहा है। धमकी भरे मेल की जांच की जा रही है कि ये कहां से भेजा गया है।
राजधानी लखनऊ स्थित कचहरी में मेल के जरिए कोर्ट परिसर में बम होने की सूचना मिलने के बाद डीसीपी वेस्ट विश्वजीत श्रीवास्तव सहित तमाम अधिकारी कोर्ट में पहुंचे। डॉग स्क्वाड बम स्क्वॉड की टीम के साथ सर्च ऑपरेशन चलाया गया। कई घंटे के सर्च ऑपरेशन के बाद सूचना फर्जी निकली। इससे पहले जज वकील कामकाज छोड़कर बाहर आ गए वहीं वादकारी भी सड़क पर आ गए। फिलहाल अफसरों ने पूरी संतुष्टि के बाद राहत की सांस ली है।

अयोध्या कचहरी में भी मेल मिलने के बाद तुरंत अलर्ट जारी किया गया। पूरे परिसर को खाली कराया गया और आम लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। मुख्य गेटों पर बैरिकेडिंग कर दी गई। बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड टीम लगातार जांच में जुटी रही।
वाराणसी जिसे काशी के नाम से भी जाना जाता है, वहां भी जिला अदालत में हड़कंप मच गया। जिला जज समेत कई न्यायिक अधिकारी कैंपस से बाहर आ गए। कोर्ट की कार्यवाही कुछ समय के लिए रोक दी गई। यूपी एटीएस और एसटीएफ की टीमें भी मौके पर पहुंचीं और सर्च अभियान चलाया गया।
मिर्जापुर में संदिग्ध वस्तुओं और लोगों की जांच की गई। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की। इसी तरह मेरठ समेत अन्य जिलों में भी कोर्ट परिसर खाली कराकर डॉग और बम स्क्वॉड की मदद से तलाशी ली गई। बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। धमकी भरा मेल कहां से भेजा गया, इसकी जांच साइबर टीम कर रही है। शुरुआती जांच में लखनऊ की सूचना फर्जी पाई गई है, जबकि अन्य जिलों में भी जांच जारी है। फिलहाल पूरे प्रदेश में कचहरी परिसरों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और सभी एजेंसियां अलर्ट पर हैं।







