Sitapur City

हथकड़ी में घर लौटा भाई… बहन की शादी में निभाईं रस्में, जेल से 48 घंटे की मिली मोहलत

चार साल से हरियाणा की रोहतक जेल में बंद धर्मेंद्र उर्फ बनवारी पुलिस कस्टडी में सीतापुर पहुंचा, बहन लक्ष्मी की शादी में शामिल होने के लिए अदालत ने दो दिन की अनुमति दी, पूरे कार्यक्रम के दौरान हरियाणा पुलिस के जवान और स्थानीय पुलिस सुरक्षा में तैनात रहे

सीतापुर, 19 जून 2026:

सीतापुर के हरगांव थाना इलाके के बंशीपुरवा गांव में शादी की खुशियों के बीच दुल्हन का भाई पुलिस के पहरे में हथकड़ी लगाकर पहुंचा। हरियाणा की रोहतक जेल में बंद रहे धर्मेंद्र उर्फ बनवारी को अदालत से 48 घंटे की अनुमति मिलने के बाद उसे कड़ी सुरक्षा के बीच घर लाया गया।

बंशीपुरवा निवासी धर्मेंद्र पिछले करीब चार साल से एक गंभीर मामले में सजा काट रहा है। परिवार में बहन लक्ष्मी की शादी 19 जून को तय थी। इसी वजह से उसने अदालत से शादी में शामिल होने की इजाजत मांगी थी। अनुमति मिलने के बाद हरियाणा पुलिस की निगरानी में उसे सीतापुर लाया गया।

गुरुवार शाम करीब छह बजे धर्मेंद्र हथकड़ी लगाए घर पहुंचा तो उसे देखकर परिवार के लोग भावुक हो उठे। शादी की तैयारियों के बीच भाई की मौजूदगी ने घर में खुशी का माहौल भी बना दिया। हालांकि पूरे समय वह पुलिस की निगरानी में रहा।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक धर्मेंद्र को सिर्फ दो दिन की अनुमति मिली है। सुरक्षा के मद्देनजर रोहतक पुलिस के जवान उसके साथ मौजूद रहे। वहीं हरगांव थाना पुलिस भी पूरे कार्यक्रम के दौरान सतर्क रही और समारोह पर नजर रखती रही।

धर्मेंद्र को शादी की मुख्य रस्मों में शामिल होने की इजाजत दी गई है, लेकिन तय समय पूरा होने से पहले उसे वापस रोहतक जेल ले जाया जाएगा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अदालत के आदेश और सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन किया जा रहा है। गांव में यह मामला चर्चा का विषय बना रहा। एक तरफ बहन की शादी की खुशियां थीं, दूसरी तरफ हथकड़ियों में घर पहुंचे भाई को देखकर परिवार की आंखें भी नम हो गईं।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button