राजकिशोर तिवारी
देहरादून, 19 जून 2026ः
डीएम डॉ. आशीष चौहान ने जिला कार्यालय में शुक्रवार को विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान बताया गया कि कुल मतदाताओं का 98.22 प्रतिशत गणना प्रपत्र बांटा जा चुका है। साथ ही अब तक 2,06,444 मतदाताओं का डिजिटाइजेशन का काम भी पूरा हो चुका है।
डीएम ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को निष्पक्ष, पारदर्शी और त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक मतदान केंद्र पर मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों द्वारा बीएलए-2 की नियुक्ति की जा रही है। बताया गया कि भाजपा द्वारा 1,847, कांग्रेस द्वारा 1,765 और सीपीआई (एम) द्वारा 463 बीएलए-2 नियुक्त किए गए हैं। अन्य राजनीतिक दलों से भी बीएलए-1 व बीएलए-2 की सूची शीघ्र उपलब्ध कराने का आग्रह किया।
डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सात जुलाई तक बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित किए जा रहे हैं। इसके बाद 14 जुलाई को प्रारूप निर्वाचक नामावली का प्रकाशन किया जाएगा। दावा एवं आपत्ति की प्रक्रिया पूरी कर 15 सितम्बर को अंतिम निर्वाचक नामावली प्रकाशित की जाएगी।
बैठक में बताया गया कि जनपद में कुल 13,76,813 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें से 17 जून तक 13,52,297 मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित किए जा चुके हैं, जो कुल मतदाताओं का 98.22 प्रतिशत है। चकराता विधानसभा क्षेत्र में सर्वाधिक 99.46 प्रतिशत गणना प्रपत्र वितरण दर्ज किया गया, जबकि मसूरी में 99.83 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जिन मतदाताओं तक गणना प्रपत्र नहीं पहुंचे हैं, उन्हें बीएलओ के माध्यम से उपलब्ध कराया जाएगा।






