लखनऊ, 27 मई 2026:
यूपी अब डिजिटल आत्मनिर्भरता की दिशा में ऐतिहासिक छलांग लगाने जा रहा है। योगी सरकार का बहुप्रतीक्षित और महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट गंगा अंतिम चरण में पहुंच चुका है और जल्द ही प्रदेशभर में लाइव होने वाला है। इस परियोजना को ग्रामीण उत्तर प्रदेश की डिजिटल तस्वीर बदलने वाला सबसे बड़ा अभियान माना जा रहा है। सरकार ने इससे जुड़े लगभग सभी प्रमुख माइलस्टोन पूरे कर लिए हैं। अब इसे जमीनी स्तर पर लागू करने की तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
प्रोजेक्ट गंगा का मुख्य उद्देश्य गांवों और छोटे शहरों तक आधुनिक डिजिटल सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना है जिससे ग्रामीण क्षेत्र भी हाई-स्पीड इंटरनेट और नई तकनीकों से सीधे जुड़ सकें। इस परियोजना के तहत गांवों में ब्रॉडबैंड कनेक्टिविटी, फ्री पब्लिक वाई-फाई, आईपीटीवी, साइबर सिक्योरिटी और डिजिटल नेटवर्क का व्यापक ढांचा तैयार किया जाएगा। सरकार का दावा है कि इससे डिजिटल सेवाएं शहरों तक सीमित नहीं रहेंगी अपितु गांवों तक भी समान रूप से पहुंचेंगी।
इस महत्वाकांक्षी योजना की शुरुआत जुलाई 2025 में प्रारंभिक सीडिंग के साथ हुई थी। इसके बाद दिसंबर 2025 में विभिन्न सरकारी विभागों और स्टेकहोल्डर्स के साथ रणनीतिक चर्चा शुरू हुई। जनवरी 2026 में कॉन्सेप्ट नोट साझा किया गया। 9 मार्च 2026 को वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना की मौजूदगी में एमओयू साइन किया गया।
इसके बाद फाइनल डीपीआर, मीडिया कवरेज और एमएसएमई विभाग के जरिए सभी डीएम को निर्देश जारी करने जैसी अहम प्रक्रियाएं पूरी की गईं। अप्रैल 2026 तक बैंकिंग पार्टनर्स के साथ फाइनेंशियल एनेबलमेंट को लेकर भी रणनीतिक बातचीत शुरू कर दी गई, जिससे परियोजना को मजबूत वित्तीय आधार मिल सका।
प्रोजेक्ट गंगा के जरिए गांवों में डिजिटल सर्विस प्रोवाइडर नेटवर्क विकसित किया जाएगा। इससे घर-घर हाई-स्पीड इंटरनेट पहुंच सकेगा। इसके साथ ही सीसीटीवी आधारित सुरक्षा समाधान, साइबर सिक्योरिटी सेवाएं और सरकारी व निजी संस्थानों की डिजिटल कनेक्टिविटी को भी मजबूती मिलेगी। सरकार का लक्ष्य इंटरनेट उपलब्ध कराने के साथ गांवों को भविष्य की तकनीकों के लिए तैयार करना है।
परियोजना में ग्रामीण युवाओं को डिजिटल रोजगार से जोड़ने पर भी विशेष फोकस किया गया है। फ्रीलांसिंग, रिमोट वर्क, ऑनलाइन वोकेशनल ट्रेनिंग और डिजिटल लाइब्रेरी जैसी सुविधाएं युवाओं को गांव में रहते हुए नई संभावनाएं देंगी। योगी सरकार का मानना है कि कनेक्टेड गांव, समृद्ध यूपी ही भविष्य की मजबूत अर्थव्यवस्था की असली नींव बनेगा।






