राजकिशोर तिवारी
देहरादून, 24 जनवरी 2026:
उत्तराखंड में चार धाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर और समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार बड़ा कदम उठाने जा रही है। स्वास्थ्य विभाग में चिकित्सकों का एक अलग कैडर बनाए जाने का प्रस्ताव जल्द ही कैबिनेट में लाया जाएगा। इसके लिए चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ धन सिंह रावत ने विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए हैं।
स्वास्थ्य मंत्री ने ली समीक्षा बैठक
स्वास्थ्य मंत्री डॉ धन सिंह रावत ने अपने शासकीय आवास पर स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने कहा कि चार धाम यात्रा को देखते हुए विशेषज्ञ चिकित्सकों के आवश्यक पदों को शामिल करते हुए अलग कैडर बनाया जाएगा, ताकि यात्रा के दौरान किसी भी तरह की चिकित्सा समस्या का तुरंत समाधान हो सके।
पीजी कोर्स और रिजर्व डॉक्टर पूल की तैयारी
सेवाएं प्रभावित न हों, इसके लिए नई नीति
बैठक में यह भी तय किया गया कि राज्य के बॉन्डधारी चिकित्सकों के पीजी कोर्स के लिए एक स्पष्ट नीति बनाई जाएगी, जिससे उनके अध्ययन के दौरान स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित न हों। इसके लिए 250 चिकित्सकों का एक रिजर्व पूल बनाने का प्रस्ताव भी कैबिनेट में लाया जाएगा, ताकि जरूरत के समय उनकी तैनाती की जा सके।
पदोन्नति, नए पद और प्रशासनिक सुधार
10 फरवरी तक डीपीसी कराने के निर्देश
स्वास्थ्य मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चिकित्सकों की वरिष्ठता सूची के आधार पर आगामी 10 फरवरी तक डीपीसी प्रक्रिया पूरी की जाए, ताकि समय पर पदोन्नति का लाभ मिल सके। इसके साथ ही लैब टेक्नीशियन, फार्मासिस्ट पदों के पुनर्गठन, स्वास्थ्य विभाग के प्रशासनिक कैडर, प्रिक्योरमेंट कारपोरेशन के गठन, विशेषज्ञ चिकित्सकों के पृथक कैडर और उच्चीकृत उप जिला अस्पतालों व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में नए पदों के सृजन के प्रस्ताव भी जल्द कैबिनेट में लाए जाएंगे। बैठक में एनएचएम के तहत संचालित योजनाओं की भी समीक्षा की गई।






