Lucknow City

‘क्लीन गोमती’ कार्यशाला में जुटे एक्सपर्ट…गोमती की सफाई और संरक्षण पर मंथन

वक्ता बोले- नदी को स्वच्छ रखने में जनभागीदारी जरूरी, नगर निगम ने साझा की आगे की योजना

लखनऊ, 20 फरवरी 2026:

राजधानी की जीवनरेखा मानी जाने वाली गोमती नदी की सफाई और संरक्षण को लेकर शुक्रवार को क्लीन गोमती विषय पर कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम में लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल ने हिस्सा लेते हुए नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे अभियानों और आने वाली योजनाओं की जानकारी दी।

महापौर ने बताया कि नदी में गिरने वाले कचरे को रोकने, सीवेज व्यवस्था को मजबूत करने, नदी किनारों के सौंदर्यीकरण और लोगों में जागरूकता बढ़ाने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। उनका कहना था कि गोमती सिर्फ एक नदी नहीं बल्कि शहर की पहचान और हजारों लोगों की रोजी-रोटी से जुड़ी हुई है, इसलिए इसे साफ और सुरक्षित रखना सबकी साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि स्वच्छता अभियानों को सिर्फ सरकारी कार्यक्रम न समझें, बल्कि खुद आगे आकर इसमें भाग लें और नदी को प्रदूषण से बचाने में सहयोग करें।

वक्ताओं ने अपने विचार रखते हुए कहा कि गोमती को साफ रखने के लिए सिर्फ योजनाएं काफी नहीं, बल्कि जनसहभागिता, मजबूत नीति और जमीन पर ठोस काम जरूरी है। सभी ने मिलकर नदी संरक्षण को जन आंदोलन बनाने पर जोर दिया।

कार्यशाला में राज्यसभा सांसद संत बलबीर सिंह सीचेवाल, लेफ्टिनेंट जनरल नवीन सचदेवा, जल संरक्षण के लिए जाने जाने वाले राजेंद्र सिंह, नगरीय विकास सलाहकार केशव वर्मा और राज्य परिवर्तन आयोग के सीईओ मनोज कुमार सिंह समेत कई विशेषज्ञ और अतिथि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button