Uttarakhand

चारधाम यात्रा के रूट पर मजबूत होगी सफाई व्यवस्था…समानांतर सिस्टम से होगा कचरा प्रबंधन

प्रमुख सचिव वित्त ने की बैठक, निर्माण स्थलों पर धूल रोकने, वायु गुणवत्ता सुधार पर जोर, देहरादून, ऋषिकेश और काशीपुर में प्रदूषण की स्थिति की समीक्षा

देहरादून, 20 मार्च 2026:

सचिवालय में राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम के तहत राज्य स्तरीय वायु गुणवत्ता निगरानी समिति की बैठक हुई। इसमें प्रमुख सचिव वित्त रमेश कुमार सुधांशु ने देहरादून, ऋषिकेश और काशीपुर में वायु प्रदूषण की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने अफसरों को आपसी तालमेल के साथ सख्ती से काम करने को कहा।

बैठक में साफ कहा गया कि स्वच्छ वायु सर्वे में रैंक सुधारने के लिए जमीन पर असर दिखना चाहिए। इसके लिए निर्माण स्थलों पर खास ध्यान देने को कहा गया। सामग्री को ढककर रखने और नियमित पानी का छिड़काव कराने के निर्देश दिए गए, ताकि धूल कम हो सके।

WhatsApp Image 2026-03-20 at 4.09.43 PM

चारधाम यात्रा को देखते हुए सफाई व्यवस्था पर भी जोर दिया गया। यात्रा मार्गों और अस्थायी ठहराव स्थलों पर एनजीओ की मदद से अलग-अलग पैच चिन्हित कर समानांतर सिस्टम से सफाई कराने की बात कही गई। साथ ही समय-समय पर निगरानी करने के निर्देश भी दिए गए।

कूड़ा प्रबंधन को लेकर भी सख्त निर्देश दिए गए। कचरा ढोने वाले वाहनों में डस्टबिन रखने, लोगों को जागरूक करने के लिए क्या करें क्या न करें वाले पेम्पलेट लगाने और कूड़े का अलग-अलग छंटान सुनिश्चित करने को कहा गया।

बैठक में उत्तराखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से आंकड़े भी रखे गए। बताया गया कि देहरादून में 2019-20 के मुकाबले 2024-25 में पीएम 10 स्तर में करीब 44.27 फीसदी सुधार दर्ज हुआ है। ऋषिकेश में 38.2 फीसदी और काशीपुर में 26.92 फीसदी सुधार बताया गया। काशीपुर में निर्माण और तोड़फोड़ से निकलने वाले मलबे के निस्तारण के लिए प्रोसेसिंग प्लांट का प्रस्ताव तैयार करने को भी कहा गया। बैठक में वन विभाग, नगर निगम और जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button