योगेंद्र मलिक
देहरादून, 11 अप्रैल 2026:
देहरादून के डीएवी पीजी कॉलेज में शनिवार को आयोजित छात्रसंघ समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शामिल हुए। उन्होंने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए युवाओं को देश की असली ताकत बताया और कहा कि आज का युवा ही देश की दिशा तय कर रहा है।
उन्होंने कहा कि युवाओं की सोच, ऊर्जा और नए आइडिया ही भारत को आगे ले जा रहे हैं। छात्र राजनीति को उन्होंने नेतृत्व सीखने और जिम्मेदारी समझने का अहम मंच बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे मंच युवाओं को समाज और देश के प्रति जागरूक बनाते हैं।
मुख्यमंत्री ने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का जिक्र करते हुए कहा कि इस तरह के संगठन युवाओं में सेवा भाव और अनुशासन विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा का मतलब सिर्फ डिग्री लेना नहीं, बल्कि बेहतर इंसान बनना भी है।
उन्होंने केंद्र सरकार की योजनाओं का हवाला देते हुए कहा कि मेक इन इंडिया, डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया और स्किल इंडिया जैसी पहल से युवाओं को आगे बढ़ने का मौका मिला है। राज्य सरकार भी शिक्षा और इनोवेशन पर फोकस कर रही है।
नई शिक्षा नीति के तहत कॉलेजों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और मशीन लर्निंग जैसे कोर्स बढ़ाए जा रहे हैं। साइंस सिटी और एस्ट्रो पार्क जैसे प्रोजेक्ट्स के जरिए रिसर्च को बढ़ावा दिया जा रहा है। राज्य में 9 नए कॉलेज खोले जा रहे हैं और 20 मॉडल कॉलेज तैयार हो रहे हैं। साथ ही महिला छात्रावास, आईटी लैब और परीक्षा भवन भी बनाए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए भर्तियां चल रही हैं। नकल रोकने के लिए सख्त कानून लागू किया गया है, जिसका असर भी दिख रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले चार साल में 30 हजार से ज्यादा युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कॉलेज के अटल बिहारी वाजपेयी स्मृति शैक्षणिक ब्लॉक की छत पर दो नए तल बनाने की घोषणा की। समारोह में कैबिनेट मंत्री खजान दास, राम सिंह कैड़ा, विधायक उमेश कुमार, कॉलेज के प्राचार्य प्रो. कौशल कुमार, छात्रसंघ अध्यक्ष ऋषभ मल्होत्रा, महामंत्री करन नेगी समेत कई लोग मौजूद रहे।






