Lucknow CityUttar Pradesh

CM Yogi ने छात्रवृत्ति व सहायता योजनाओं से भरी खुशियों की झोली, एक क्लिक में 28 लाख छात्रों के खाते में 3350 करोड़

आंगनबाड़ी से लेकर छात्रवृत्ति और पारिवारिक लाभ तक, एक दिन में तीन बड़े फैसले, 33 हजार परिवारों को भी 100 करोड़ की मदद, कहा कि पहले समाजवाद के नाम पर परिवारवादी खा जाते थे गरीबों का हक

लखनऊ, 31 मार्च 2026:

यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के लाखों लोगों को सीधे लाभ पहुंचाते हुए विकास और पारदर्शिता की नई मिसाल पेश की। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को तकनीक से जोड़ने के साथ 27.99 लाख छात्रों के बैंक खातों में 3350 करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति पहुंचाई। इसी क्रम में राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना के तहत 33,334 जरूरतमंद परिवारों को 100 करोड़ रुपये की सहायता भी सीधे ट्रांसफर की गई।

लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने इसे तकनीक के जरिए पारदर्शी और भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था का उदाहरण बताते हुए कहा कि अब लाभार्थियों को उनका हक बिना किसी बिचौलिये के सीधे मिल रहा है। सीएम ने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि छात्रवृत्ति केवल सहारा है, मंजिल नहीं। उन्होंने मेहनत को सफलता की कुंजी बताते हुए आगाह किया कि यदि छात्रवृत्ति का दुरुपयोग हुआ या पढ़ाई में लापरवाही बरती गई तो यह सुविधा स्वतः बाधित हो सकती है।

WhatsApp Image 2026-03-31 at 12.34.34 AM

सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में 67 लाख छात्रों को 4800 करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति दी गई है। उन्होंने कहा कि सबका साथ, सबका विकास के मंत्र के तहत बिना भेदभाव सभी वर्गों को योजनाओं से जोड़ा जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने पूर्व सरकारों पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पहले छात्रवृत्ति और पेंशन योजनाओं में बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार होता था। लाभार्थियों तक पूरी राशि नहीं पहुंच पाती थी। उन्होंने कहा कि अब डिजिटल ट्रांसफर से पूरी पारदर्शिता सुनिश्चित हुई है।

WhatsApp Image 2026-03-31 at 12.34.56 AM

सीएम योगी ने बताया कि प्रदेश में 1.06 करोड़ निराश्रित महिलाओं, वृद्धजनों और दिव्यांगों को सालाना 12 हजार रुपये पेंशन सीधे खाते में दी जा रही है। राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना के तहत अब तक 10 लाख से अधिक परिवारों को 3039 करोड़ रुपये की सहायता दी जा चुकी है।

उन्होंने रोजगार, महिला सशक्तीकरण और शिक्षा से जुड़ी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश अब बीमारू छवि से निकलकर देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बन चुका है। मिशन रोजगार, अभ्युदय कोचिंग, डिजिटल उद्यमिता और सामूहिक विवाह जैसी योजनाएं समाज के हर वर्ग को सशक्त बना रही हैं। कार्यक्रम में कई मंत्री और जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। उन्होंने सरकार की योजनाओं को गरीबों और युवाओं के लिए बदलावकारी बताया।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button