Uttarakhand

शराब के बिल को लेकर झगड़े के बाद पीछा व फायरिंग…बेकसूर रिटायर्ड ब्रिगेडियर की मौत में चार गिरफ्तार

जेन जेड बार में हुए बवाल के बाद सोमवार सुबह रोड पर फैलाई थी दहशत, पुलिस ने किया घटना का खुलासा, बार संचालक व स्टॉफ समेत ग्राहक भी पकड़ा गया, अन्य की तलाश जारी, बार सील, लाइसेंस रद्द होगा

राजकिशोर तिवारी

देहरादून, 31 मार्च 2026:

राजपुर थाना क्षेत्र के जोहड़ी गांव में मॉर्निंग वॉक पर निकले 74 साल के रिटायर्ड आर्मी ब्रिगेडियर मुकेश कुमार जोशी की गोली लगने से मौत के मामले में पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया कि पूरी घटना की जड़ रात एक बार में हुआ विवाद था। इस मामले में बार संचालक, कर्मचारी व दूसरे पक्ष के युवक समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

बताया गया कि 29 मार्च की रात कुठालगेट स्थित ZEN-Z बार में कुछ युवकों और स्टाफ के बीच बिल कम कराने को लेकर कहासुनी हो गई थी। बात इतनी बढ़ी कि गुस्से में बार कर्मचारियों ने एक युवक आदित्य चौधरी की स्कॉर्पियो का पिछला शीशा तोड़ दिया। इसके बाद युवक धमकी देकर वहां से निकल गए।

ये भी पढ़ें:

अगली सुबह बार कर्मचारी मालिक संदीप कुमार की फॉर्च्यूनर से बार की तरफ जा रहे थे। रास्ते में आदित्य चौधरी और उसके साथियों ने उन्हें देख लिया और पीछा शुरू कर दिया। मालसी इलाके के पास दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते झगड़ा फिर भड़क गया और दोनों तरफ से फायरिंग होने लगी।

WhatsApp Image 2026-03-31 at 8.01.34 AM

इसी दौरान वहां से गुजर रहे पूर्व ब्रिगेडियर मुकेश कुमार जोशी गोलीबारी की चपेट में आ गए। उन्हें तुरंत मैक्स अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं फॉर्च्यूनर अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई, जिसमें सवार दो लोग घायल हो गए।

घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, नाकेबंदी की और मुखबिर की मदद से आरोपियों तक पहुंची। पूछताछ में बार कर्मचारी रोहित कुमार और मोहम्मद अखलाक उर्फ साबिर ने पूरी घटना का खुलासा किया। इसके बाद बार संचालक संदीप कुमार और आदित्य चौधरी को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपियों के पास से दो तमंचे और घटना में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो बरामद की है। पूछताछ में यह भी सामने आया कि दूसरी तरफ से भी जवाबी फायरिंग हुई थी। मामले में शान्तनु त्यागी, कविश त्यागी, समीर चौधरी और वैभव समेत कई अन्य की तलाश जारी है। घटना के बाद पुलिस ने ZEN-Z बार को सील कर दिया है और उसका लाइसेंस रद्द करने के लिए डीएम को रिपोर्ट भेज दी है।

READ MORE

ये भी पढ़ें  आगरा: पुलिस ने मुठभेड़ में दो बदमाशों को पकड़ा,लूटे गए जेवरात बरामद

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button