यामानाशी/लखनऊ, 26 फरवरी 2026:
जापान दौरे के दौरान यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को यामानाशी प्रांत स्थित अत्याधुनिक हाइड्रोजन ऊर्जा संयंत्र का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने वहां संचालित पावर-टू-गैस प्रणाली को नजदीक से देखा और विशेषज्ञों से इसकी तकनीकी कार्यप्रणाली की जानकारी ली। यह प्रणाली सौर और पवन ऊर्जा जैसे नवीकरणीय स्रोतों से उत्पन्न बिजली को हाइड्रोजन में परिवर्तित करती है। इसे आगे ईंधन, ऊर्जा भंडारण और स्वच्छ परिवहन में उपयोग किया जाता है।
मुख्यमंत्री ने इस मॉडल की सराहना करते हुए कहा कि ग्रीन हाइड्रोजन भविष्य की ऊर्जा व्यवस्था का मजबूत आधार बन सकता है। इससे कार्बन उत्सर्जन में उल्लेखनीय कमी आती है और पर्यावरण संरक्षण को नई दिशा मिलती है। उन्होंने इसे स्वच्छ ऊर्जा और हरित विकास की दिशा में एक प्रभावी उदाहरण बताया। इसे भारत जैसे विकासशील देशों में अपनाकर ऊर्जा संक्रमण को तेज़ किया जा सकता है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार राज्य में ग्रीन हाइड्रोजन, सौर ऊर्जा और अन्य स्वच्छ ऊर्जा स्रोतों को बढ़ावा देने के लिए ठोस नीतिगत कदम उठा रही है। औद्योगिक निवेश, अनुसंधान और अत्याधुनिक तकनीकों को प्रोत्साहन देकर राज्य को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम हो रहा है।
यह दौरा जापान के साथ तकनीकी सहयोग को और मजबूती देने वाला माना जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार इससे उत्तर प्रदेश में स्वच्छ ऊर्जा परियोजनाओं और ग्रीन मोबिलिटी को नई गति मिलने की उम्मीद है। इससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और राज्य का हरित विकास तेज होगा।






