आगरा, 7 मार्च 2026:
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को आगरा के सिकंदरा स्थित यथार्थ सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जब सरकार, समाज और संस्थाएं एक साथ मिलकर किसी दिशा में काम करती हैं तो उसका परिणाम विश्वास के रूप में सामने आता है। उत्तर प्रदेश आज उसी विश्वास का उदाहरण बनकर उभरा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। सरकार का लक्ष्य है कि दवाओं के लिए बाहर पर निर्भरता कम हो और उनका निर्माण प्रदेश के भीतर ही हो। इसी दिशा में ललितपुर में करीब 1500 एकड़ क्षेत्र में फार्मा पार्क विकसित किया जा रहा है, जिससे दवा निर्माण और मेडिकल सेक्टर को नई गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि मेडिकल क्षेत्र में नई तकनीकों को बढ़ावा देने के लिए भी राज्य सरकार काम कर रही है। मेडिकल टेक्नोलॉजी को आगे बढ़ाने के लिए आईआईटी कानपुर और एसजीपीजीआईएमएस लखनऊ में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित किए जा रहे हैं। इन केंद्रों के माध्यम से आधुनिक चिकित्सा तकनीक के विकास और शोध को बढ़ावा मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने हाल ही में पेश किए गए प्रदेश के बजट का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार ने शिक्षामित्रों, अनुदेशकों, शिक्षकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा वर्करों और रसोइयों सहित 10 लाख से अधिक कर्मियों के लिए पांच लाख रुपये तक की कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने की व्यवस्था की है। इससे बड़ी संख्या में कर्मचारियों और उनके परिवारों को राहत मिलेगी।

प्रदेश में डबल इंजन सरकार ने विकास के साथ-साथ वेलफेयर की जो योजनाएं लागू की हैं, उनके माध्यम से 6 करोड़ से अधिक लोग गरीबी रेखा से ऊपर उठकर सामान्य जीवनयापन कर रहे हैं। एक समय था जब किसी व्यक्ति के बीमार होने पर पूरे परिवार में कोहराम मच जाता था, लेकिन आज प्रधानमंत्री ने हर जरूरतमंद व्यक्ति को स्वास्थ्य बीमा का कवर उपलब्ध कराया है
उन्होंने कहा कि प्रदेश में डबल इंजन की सरकार के प्रयासों का परिणाम है कि विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों से छह करोड़ से अधिक लोग गरीबी रेखा से ऊपर आए हैं और सामान्य जीवन की ओर बढ़े हैं। प्रदेश के हर जिले में डायलिसिस की निःशुल्क सुविधा तथा सीटी स्कैन की सुविधा उपलब्ध है। अन्य चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही हमने मेडिकल क्षेत्र में दुनिया में उपलब्ध नई तकनीकों को यहां लाने की दिशा में भी कार्य प्रारंभ किया है।
सीएम योगी ने कहा कि देश में स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में भी बड़ा विस्तार हुआ है। पहले देश में केवल एक एम्स था, जिसे बाद में बढ़ाकर छह किया गया और अब इसकी संख्या 23 तक पहुंच चुकी है। इसके साथ ही देश में आईआईटी, आईआईएम, एनआईटी और आईआईआईटी जैसे संस्थानों का भी तेजी से विस्तार हुआ है।
उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में देश में एयर कनेक्टिविटी में भी तेजी आई है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में बीते दस वर्षों में जितने नए एयरपोर्ट बने हैं, वह आजादी के बाद लंबे समय तक बने एयरपोर्ट से भी अधिक हैं। इससे देश में हवाई सेवाओं का विस्तार हुआ है और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी बेहतर हुई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में केवल 17 मेडिकल कॉलेज संचालित थे, जबकि अब प्रदेश में 81 मेडिकल कॉलेज चल रहे हैं। इससे प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का दायरा लगातार बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि आज देश में विकास और विरासत दोनों को साथ लेकर आगे बढ़ने का प्रयास हो रहा है। इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में हाईवे और एक्सप्रेसवे का तेजी से निर्माण हो रहा है, मेट्रो सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है और रेलवे नेटवर्क को भी मजबूत किया जा रहा है। पीएम के नेतृत्व में पिछले एक दशक में भारत ने विश्व स्तर पर अपनी नई पहचान बनाई है। देश तेजी से आगे बढ़ रहा है और दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।






