गोरखपुर, 27 मार्च 2026:
यूपी के मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर प्रवास के दौरान चैत्र नवरात्रि की अष्टमी तिथि पर गोरखनाथ मंदिर स्थित शक्तिपीठ में मां महागौरी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। गुरुवार देर रात वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक रीति-रिवाजों के बीच उन्होंने देवी की आराधना कर प्रदेशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
गोरक्षपीठ की परंपरा के अनुसार अष्टमी के अवसर पर विशेष हवन का आयोजन किया गया। इसमें योगी आदित्यनाथ ने आहुतियां अर्पित कीं। इसके बाद विधिवत आरती उतारी गई और प्रसाद वितरण के साथ अनुष्ठान का समापन हुआ। इस पूरे धार्मिक कार्यक्रम को गोरक्षपीठ के पुरोहितों, आचार्यों और वेदपाठी विद्यार्थियों ने संपन्न कराया।

गौरतलब है कि चैत्र नवरात्रि के प्रथम दिन से ही गोरखनाथ मंदिर में देवी आदिशक्ति के विभिन्न स्वरूपों की नियमित पूजा-अर्चना की जा रही है। नवरात्रि के इस पावन अवसर पर मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही और भक्ति का वातावरण चरम पर है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का यह धार्मिक अनुष्ठान न केवल आध्यात्मिक आस्था का प्रतीक होने के साथ प्रदेश की समृद्धि और कल्याण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है।






