Uttar Pradesh

CM युवा योजना से बदली UP के युवाओं की तस्वीर, 10 हजार स्टार्टअप बने आत्मनिर्भरता की मिसाल

इनोवेशन आधारित उद्यमों को बढ़ावा, फूड से डिजिटल सेक्टर तक युवाओं की मजबूत पकड़, लखनऊ, आजमगढ़ और हरदोई बने टॉप 3 परफॉर्मर

लखनऊ, 9 अप्रैल 2026:

यूपी में सीएम युवा योजना युवाओं के लिए आत्मनिर्भरता का सशक्त माध्यम बनकर उभर रही है। सीएम योगी की पहल से प्रदेश में स्टार्टअप संस्कृति को नई ऊर्जा मिली है। इसके चलते अब तक 10 हजार से अधिक इनोवेटिव उद्यम स्थापित हो चुके हैं। यह न केवल रोजगार के अवसर बढ़ा रहे हैं बल्कि युवाओं को रोजगार देने वाला भी बना रहे हैं।

सीएम युवा के नोडल अधिकारी एवं ज्वाइंट कमिश्नर इंडस्ट्रीज सर्वेश्वर शुक्ला के अनुसार योजना के तहत स्थापित कुल उद्यमों में करीब 10 प्रतिशत इनोवेशन आधारित मॉडल पर काम कर रहे हैं। सरकार का लक्ष्य मौजूदा वित्तीय वर्ष में इस हिस्सेदारी को बढ़ाकर 25 प्रतिशत तक पहुंचाना है। इससे स्पष्ट है कि प्रदेश अब परंपरागत रोजगार से आगे बढ़कर नवाचार की दिशा में तेजी से कदम बढ़ा रहा है।

सेक्टरवार आंकड़ों पर नजर डालें तो फूड और रेस्टोरेंट बिजनेस युवाओं की पहली पसंद बनकर सामने आया है जहां 763 उद्यम स्थापित हुए हैं। इसके अलावा कंप्यूटर ट्रेनिंग (370), पैथोलॉजी सैंपलिंग (260), फास्ट फूड (253), फ्रेंचाइजी मॉडल (253) और ऑनलाइन टीचिंग (189) जैसे क्षेत्रों में भी युवाओं की भागीदारी उल्लेखनीय है। वहीं जिम (170), मोबाइल आईटी व डिजिटल प्लेटफॉर्म (120), ट्रैवल एंड टूरिज्म (117) और क्लाउड किचन (117) जैसे नए क्षेत्रों में भी स्टार्टअप तेजी से बढ़ रहे हैं।

WhatsApp Image 2026-04-09 at 6.24.49 PM

जनपदवार प्रदर्शन में राजधानी लखनऊ 287 उद्यमों के साथ शीर्ष स्थान पर है। इसके बाद आजमगढ़ (286), हरदोई (262), जौनपुर (करीब 250), अंबेडकरनगर (241), कानपुर (236), वाराणसी (229), रायबरेली (225), बरेली (208) और फिरोजाबाद (197) प्रमुख जिलों में शामिल हैं। इस स्टार्टअप इकोसिस्टम को मजबूत बनाने में बैंकों की भूमिका भी अहम रही है।

उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक ने सर्वाधिक 2133 उद्यमों को ऋण उपलब्ध कराया है। वहीं एसबीआई (1549), बैंक ऑफ बड़ौदा (1170), पंजाब नेशनल बैंक (1018), बैंक ऑफ इंडिया (774), सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया (589), केनरा बैंक (585), इंडियन बैंक (573), यूनियन बैंक (399) और यूको बैंक (182) ने भी युवाओं को आर्थिक सहयोग देकर उनके सपनों को उड़ान दी है। सीएम युवा योजना के जरिए उत्तर प्रदेश युवाओं को सशक्त बनाने के साथ आत्मनिर्भर भारत के विजन को भी मजबूती से आगे बढ़ा रहा है।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button