Uttarakhand

देहरादून की सड़कों पर कांग्रेस की हुंकार, राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार पर सीधा वार

राजभवन की ओर कूच कर रहे कांग्रेसियों को पुलिस ने हाथीबड़कला क्षेत्र में बैरिकेडिंग कर रोका, बैरियर पार करने के प्रयास में प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की

राजकिशोर तिवारी

देहरादून, 16 फरवरी 2026:

उत्तराखंड में बिगड़ती कानून-व्यवस्था, बढ़ते अपराध और सरकार की नीतियों के विरोध में सोमवार को देहरादून की सड़कों पर कांग्रेस का बड़ा शक्ति प्रदर्शन देखने को मिला। राजभवन कूच से पहले परेड ग्राउंड में सैकड़ों कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने माहौल गरमा दिया। कांग्रेस नेताओं ने राज्य सरकार पर तीखे हमले किए और कहा कि प्रदेश में अपराधी बेलगाम हो चुके हैं। इससे आमजन खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है।

सभा में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने सरकार पर कानून-व्यवस्था संभालने में विफल रहने का आरोप लगाया। नेताओं ने कहा कि आए दिन हो रही हत्याओं और आपराधिक घटनाओं ने जनता में भय का माहौल पैदा कर दिया है। उनका आरोप था कि सरकार विकास और जनहित के मुद्दों से ध्यान हटाकर समाज में विभाजन और नफरत की राजनीति को बढ़ावा दे रही है।

bd9e7ab4-7e73-4e70-b1ee-afa6fe015b25

कांग्रेस नेताओं ने महंगाई, बेरोजगारी और सुरक्षा जैसे मुद्दों पर सरकार की नीतियों को निराशाजनक बताते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। सभा के बाद कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए राजभवन की ओर कूच करने लगे। हाथीबड़कला क्षेत्र में पुलिस ने बैरिकेडिंग कर जुलूस को रोकने की कोशिश की। कुछ कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग पार करने का प्रयास किया जिससे पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की और जोर-आजमाइश हुई। हालांकि पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया।

इसके बाद कांग्रेस नेताओं ने राज्यपाल को ज्ञापन भेजकर सरकार को आवश्यक निर्देश देने की मांग की। प्रवक्ता गरिमा दसौनी ने आरोप लगाया कि सरकार ने कांग्रेस के पोस्टर-बैनर जबरन उतरवाए, जिससे स्पष्ट होता है कि सरकार विपक्ष के आंदोलन से घबराई हुई है। प्रदर्शन में चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत, प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना और महानगर अध्यक्ष जसविंदर सिंह गोगी सहित विधायक, पूर्व मंत्री और हजारों कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन के कारण आसपास के इलाकों में यातायात प्रभावित रहा और आम लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button