Uttar Pradesh

सड़क पर भरे पानी में दौड़ रहा था करंट, घर से कोचिंग जा रहे छात्र की गई जान, लोगों में गुस्सा

मयंक चावला

आगरा, 13 जुलाई 2025:

यूपी के आगरा जिले में सड़क पर भरे पानी में दौड़ रहे करंट ने घर से कोचिंग जा रहे युवक की जान ले ली। मथुरा निवासी युवक यहां किराए का कमरा लेकर एसएससी की तैयारी कर रहा था। करंट विद्युत वितरण करने वाली कंपनी टोरंट के सड़क किनारे लगे बॉक्स से पानी में फैल गया था। घटना को लेकर टोरंट कम्पनी व नगर निगम के अफसरों पर लापरवाही बरतने के आरोप लगे है।

मथुरा का था युवक, आगरा में रहकर कर रहा था एसएससी की तैयारी

ये घटना न्यू आगरा क्षेत्र में शनिवार की शाम हुई।
मथुरा के थाना राया क्षेत्र के गांव खिरौरी निवासी प्रकाश इंद्रपुरी कॉलोनी में किराए पर कमरा लेकर रहता था। भगवान टॉकीज स्थित एक कोचिंग संस्थान में एसएससी की तैयारी कर रह था। शाम को करीब 5 बजे वह पढ़ने के लिए कोचिंग जा रहा था। रास्ते में सड़क पर भरे पानी में टोरंट के लगे बिजली के बॉक्स से करंट दौड़ रहा था। इस बात से अंजान प्रकाश वहां से गुजरते समय करंट लगने से सड़क पर गिर पड़ा। यह देख लोगों में अफरा-तफरी मच गई। पानी में करंट से प्रकाश तड़पता रहा, लेकिन किसी ने बचाने की हिम्मत नहीं की। स्थानीय लोगों ने टोरंट कंपनी को शिकायत कर लाइट कटवाई। इसके बाद प्रकाश को देखा गया तो उसकी मौत हो चुकी थी। हादसे की जानकारी के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

हादसे के बाद नगर निगम व विद्युत वितरण कंपनी टोरंट पर उठे सवाल, मौत से बिलख पड़ा परिवार

टोरेंट पावर के उपाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि अधिक जलभराव होने के कारण ये घटना हुई है। करंट लगने के कारण की जांच की जाएगी। इस मामले को लेकर गरीब सेना आगरा के अध्यक्ष बाल योगी ने मृतक प्रकाश के पिता व भाई से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। बाल योगी ने नगर निगम पर आरोप लगाते हुए कहा कि किसी के घर का बेटा नाली में पड़ा रहा। नगर निगम के अधिकारी और मेयर कहते हैं कि एक घंटे में पानी निकल जाता है। पिछले 48 घंटे से बरसात नहीं हुई, लेकिन इंद्रपुरी में पानी नहीं निकला। टोरंट कंपनी पर आरोप लगाते हुए कहा ढाई मीटर अंदर तारें डालने की डील हुई थी, लेकिन टोरंट ने डेढ़ फीट पर ही 11 हजार, 33 हजार वॉल्ट की लाइनें डाल दी हैं। सीवर, पानी की लाइन के साथ ही बिजली की तारें डाल दी हैं। जलभराव से करंट गलियों में तैर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button