हरदोई, 6 फरवरी 2026:
मल्लावां थाना क्षेत्र में मेहनत-मजदूरी करके जीवन यापन करने वाले एक युवक के बैंक खाते से करीब तीन लाख रुपये की रकम बिना उसकी जानकारी के निकाल ली गई। पीड़ित ने मामले में कोतवाली मल्लावां में एफआईआर दर्ज करवाई है।
मिर्जापुर कस्बा निवासी मो. एतिशाम ने पुलिस को बताया कि उसने अपनी मजदूरी की कमाई सुरक्षित रखने के लिए इंडियन बैंक मल्लावां शाखा में बचत खाता खुलवा रखा है। 26 जनवरी को उसके मोबाइल पर एक रुपये कटने का मैसेज आया, जिसे उसने सामान्य समझकर नजरअंदाज कर दिया।
इसके बाद 3 फरवरीको जब वह बैंक पहुंचा और बैलेंस चेक कराया, तो उसके होश उड़ गए। खाते से अलग-अलग ट्रांजैक्शन के जरिए कुल 2 लाख 95 हजार 788 रुपये Aura Gold नाम की कंपनी को ट्रांसफर हो चुके थे, जबकि उसने स्वयं ऐसा कोई लेनदेन नहीं किया था।
पीड़ित के अनुसार, Aura Gold कंपनी के कस्टमर केयर से संपर्क करने पर बताया गया कि यह रकम पानो देवी नामक व्यक्ति से जुड़े खाते में गई है, जो जियो पेमेंट्स लिमिटेड बैंक से संबंधित बताया जा रहा है। ठगी में प्रयुक्त खाते, पैन नंबर और मोबाइल नंबर की जानकारी भी पीड़ित को दी गई।
मो. एतिशाम का कहना है कि उसके साथ ऑनलाइन धोखाधड़ी कर सुनियोजित तरीके से साइबर फ्रॉड किया गया है। उसने बैंक स्टेटमेंट की प्रति तहरीर के साथ पुलिस को सौंपते हुए ठगे गए रुपये वापस दिलाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।फिलहाल पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।






