राजकिशोर तिवारी
देहरादून, 14 अप्रैल 2026:
देहरादून दौरे के दौरान मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ज्ञापन देने जा रहीं महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं को पुलिस ने ब्राह्मणवाला चौक पर बैरिकेडिंग लगाकर रोक लिया। इस पर कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन के साथ नारेबाजी की।
प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में कई कार्यकर्ता ज्ञापन सौंपने जा रही थीं। पुलिस ने रोका तो तीखी नोकझोंक और झड़प की स्थिति बन गई। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने ‘प्रधानमंत्री गो बैक’ के नारे लगाते हुए जोरदार प्रदर्शन किया।
स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए पुलिस ने ज्योति रौतेला सहित कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर पुलिस लाइन भेज दिया। वहीं, घंटाघर क्षेत्र से भी कुछ कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया।
ज्योति रौतेला ने प्रदेश और केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उत्तराखंड में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। आम नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है। उन्होंने चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में अब तक पूर्ण न्याय न मिलने और सीबीआई जांच में देरी पर सवाल उठाए।
रौतेला ने आरोप लगाया कि राज्य में महिलाओं के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। प्रदेश सरकार ठोस कदम उठाने में विफल रही है। इसके साथ ही उन्होंने निजी स्कूलों की बढ़ती फीस, शिक्षा के व्यापारीकरण, अवैध खनन, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और पलायन जैसे मुद्दों को भी उठाया।
उन्होंने एलपीजी गैस की कमी से आम जनता, होटल और पर्यटन कारोबार पर पड़ रहे असर और आगामी चारधाम यात्रा को लेकर चिंता जताई। इसके साथ ही ग्रामीण और पहाड़ी क्षेत्रों में वन्यजीव हमलों की बढ़ती घटनाओं को लेकर भी सरकार को घेरा। प्रदर्शन में आशा मनोरमा शर्मा, शोभा बडोनी, रुचि रौतेला सहित कई महिला कार्यकर्ता शामिल रहीं। कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा ने प्रधानमंत्री के दौरे को राज्य के लिए निराशाजनक बताया।






