Uttarakhand

ट्रिपल मर्डर से दहला देहरादून : पैसों के विवाद में पेचकस से हमला कर बुजुर्ग दंपति की हत्या, बचाने आई नौकरानी को भी मौत के घाट उतारा

रायपुर क्षेत्र में विष्णुलोक कॉलोनी की घटना, भाग रहे आरोपी को लोगों ने पकड़ कर पुलिस के हवाले किया, दो साल से प्लंबिंग के काम के लिए घर आता-जाता था, फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जुटाए साक्ष्य

राजकिशोर तिवारी

देहरादून, 6 अक्टूबर 2026:

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के रायपुर क्षेत्र के तपोवन स्थित विष्णुलोक कॉलोनी में मंगलवार को ट्रिपल मर्डर से सनसनी फैल गई। घर में प्लंबिंग का काम करने पहुंचे एक प्लंबर ने कथित तौर पर पैसों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद के बाद बुजुर्ग दंपति पर पेचकस से हमला कर उनकी हत्या कर दी। चीख-पुकार सुनकर बीच-बचाव करने पहुंची पड़ोस की नौकरानी को भी आरोपी ने हमला कर घायल कर दिया। घटना के बाद आरोपी भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

मृतकों की पहचान रजनी कपूर (75), उनके पति रमेश कपूर (80) और तिलया देवी उर्फ शीला (48) के रूप में हुई है। तिलया देवी पड़ोस के घर में घरेलू काम करती थीं। देर शाम एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने अपने कार्यालय में घटना का खुलासा किया। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी राजकुमार प्लंबर का काम करता है और पिछले करीब दो वर्षों से बुजुर्ग दंपति के घर प्लंबिंग के काम के लिए आता-जाता था। आज भी दंपति ने उसे घर पर काम करने के लिए बुलाया था।

ये भी पढ़ें:

काम पूरा होने के बाद पैसों के भुगतान को लेकर आरोपी और दंपति के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर राजकुमार ने अपने पास रखे पेचकस से दंपति पर हमला कर दिया। दोनों की आवाज सुनकर पड़ोस के घर में काम करने वाली तिलया देवी मौके पर पहुंचीं और बीच-बचाव करने लगीं। पुलिस के अनुसार आरोपी ने उस पर भी पेचकस से हमला कर दिया।

Advertisement

घटना के बाद आरोपी घर से निकलकर भागने की कोशिश में था। इसी दौरान आसपास के लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया। सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस को घर के अंदर तीनों घायल अवस्था में पड़े मिले। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल कोरोनेशन अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने घटनास्थल से पेचकस बरामद किया है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर आरोपी बुजुर्ग दंपति के घर की ओर अकेले जाते हुए दिखाई दिया है। पुलिस अन्य कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। फॉरेंसिक और फील्ड यूनिट ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और फोटोग्राफी व वीडियोग्राफी की। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर राजकुमार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के पास से एक सोने की चेन भी बरामद हुई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

ये भी पढ़ें  कांवड़ यात्रा के दौरान तेज साउंड से भड़का हाथी, भीड़ पर किया हमला – देखें Video

Anurag Chaturvedi

अनुराग चतुर्वेदी पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता, लेखन और संपादन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। उन्होंने विभिन्न प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए खबरों को निष्पक्षता और गहराई के साथ जनता के सामने रखा है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link