योगेंद्र मलिक
देहरादून, 10 अप्रैल 2026:
देहरादून में प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे से ठीक पहले उत्तराखंड एसटीएफ ने प्रेमनगर इलाके से एक युवक को गिरफ्तार किया है, जो पाकिस्तान में बैठे लोगों के संपर्क में था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विक्रांत कश्यप के रूप में हुई है, जो झाझरा इलाके का रहने वाला बताया जा रहा है। जांच में सामने आया है कि वह शहर के संवेदनशील स्थानों की जानकारी जुटाकर मोबाइल के जरिए बाहर भेज रहा था।
एसटीएफ के मुताबिक आरोपी के पास से अवैध पिस्टल, कारतूस, स्प्रे पेंट और मोबाइल फोन बरामद हुआ है। मोबाइल की जांच में कई अहम सबूत मिले हैं, जिनके आधार पर आगे की जांच तेज कर दी गई है। पूछताछ में पता चला है कि आरोपी इंटरनेट माध्यम के जरिए पाकिस्तान में बैठे लोगों के संपर्क में था। वह उनके निर्देश पर देहरादून के सैन्य ठिकानों, पुलिस मुख्यालय और अन्य अहम सरकारी भवनों की लोकेशन और वीडियो भेज रहा था।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी को शहर में दहशत फैलाने के लिए दीवारों पर खास तरह के नारे लिखने के निर्देश मिले थे। उसने कई जगह स्प्रे पेंट से लिखकर उसकी वीडियो बनाकर अपने संपर्क में मौजूद लोगों को भेजी। आरोपी को नेपाल के रास्ते बाहर भेजने की योजना भी बनाई गई थी। इसके बदले उसे पैसे देने का लालच दिया गया था।
इस गिरफ्तारी के बाद सुरक्षा एजेंसियां और सतर्क हो गई हैं। शहर के प्रमुख इलाकों, बस अड्डों, रेलवे स्टेशन और सरकारी परिसरों में निगरानी बढ़ा दी गई है। संदिग्ध लोगों पर नजर रखी जा रही है और जांच एजेंसियां पुराने इनपुट भी खंगाल रही हैं। पीएम के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए देहरादून में पहले से ही सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे थे। इस कार्रवाई के बाद सुरक्षा घेरा और मजबूत कर दिया गया है।






