Uttarakhand

अल्मोड़ा पर विकास बारिश, धामी ने दी 138 करोड़ की सौगात, सड़क, पानी व स्वास्थ्य व्यवस्था को नई रफ्तार

मुख्यमंत्री ने अल्मोड़ा में किया करोड़ों की योजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास, बोले- पर्वतीय क्षेत्रों तक विकास की हर सुविधा पहुंचाना सरकार का संकल्प

योगेंद्र मलिक

अल्मोड़ा, 27 मई 2026:

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को अल्मोड़ा पहुंचकर जिले को 138 करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाओं की बड़ी सौगात दी। सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के नवीन प्रशासनिक भवन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 112.113 करोड़ रुपये की योजनाओं का लोकार्पण और 25.979 करोड़ रुपये की योजनाओं का शिलान्यास किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य विकास को गांव और पर्वतीय क्षेत्रों के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और नगर विकास से जुड़ी परियोजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। इससे पहाड़ों में रहने वाले लोगों को बेहतर जीवन सुविधाएं मिल सकेंगी। उन्होंने कहा कि अल्मोड़ा सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और पर्यटन की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण जनपद है और यहां की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में जिन प्रमुख योजनाओं का लोकार्पण किया गया उनमें सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन एवं कुलपति आवास का निर्माण, बहुस्तरीय पार्किंग परियोजनाएं, पेयजल योजनाएं, कई मोटर मार्गों का सुधारीकरण, बाढ़ सुरक्षा कार्य और स्वास्थ्य केंद्रों से जुड़े निर्माण शामिल रहे। विश्वविद्यालय भवन और कुलपति आवास के निर्माण पर अकेले 25 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए गए हैं।

इसके अलावा मुख्यमंत्री ने दन्या बाजार स्थित श्री सैम देवता मंदिर के सौंदर्यीकरण, कई मोटर मार्गों के डामरीकरण, बैराज निर्माण और विद्यालयों में कक्ष निर्माण जैसी योजनाओं का शिलान्यास भी किया। सरकार का दावा है कि इन परियोजनाओं से अल्मोड़ा जिले में आधारभूत ढांचे को मजबूती मिलेगी और स्थानीय लोगों को बेहतर यातायात, पेयजल तथा स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सरकार जनसेवा और प्रदेश के समग्र विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने अल्मोड़ा की जनता को विकास योजनाओं की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इन परियोजनाओं से जिले के सामाजिक और आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी। इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टमटा जिला पंचायत अध्यक्षा हेमा गैड़ा, विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल, कुलपति सतपाल सिंह बिष्ट, डीएम अंशुल सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button