ईद-उल-अजहा पर इबादतगाहों में उमड़े अकीदतमंद… अमन-चैन की मांगी दुआ
प्रदेशभर में अदा हुई नमाज, राजधानी में रहे कड़े सुरक्षा इंतजाम, गले मिलकर दी मुबारकबाद, कुर्बानी के बाद शुरू हुआ मेहमाननवाजी का सिलसिला
लखनऊ, 28 मई 2026:
राजधानी लखनऊ समेत पूरे उत्तर प्रदेश में ईद-उल-अजहा का पर्व अकीदत के साथ मनाया गया। सुबह से ही ईदगाहों और मस्जिदों में नमाज के लिए अकीदतमंदों की भीड़ उमड़ पड़ी। नमाज के दौरान मुल्क में अमन-चैन, तरक्की और भाईचारे की दुआ मांगी गई। नमाज के बाद लोगों ने एक दूसरे से गले मिलकर बकरीद की मुबारकबाद दी और फिर कुर्बानी का सिलसिला शुरू हुआ।
प्रदेशभर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहा, जबकि कई जगहों पर ड्रोन कैमरों से निगरानी की गई। प्रशासन और पुलिस अधिकारी लगातार हालात पर नजर बनाए रहे।
राज्यपाल आनन्दी बेन पटेल ने ईद-उल-अजहा की बधाई देते हुए कहा कि यह पर्व त्याग, सेवा और इंसानियत का पैगाम देता है। उन्होंने कहा कि यह त्योहार समाज के गरीब और जरूरतमंद लोगों की मदद करने की प्रेरणा देता है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और बसपा प्रमुख मायावती ने भी लोगों को बकरीद की शुभकामनाएं दीं और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की।

लखनऊ में ऐशबाग ईदगाह, टीले वाली मस्जिद और आसिफी मस्जिद में बड़ी संख्या में लोगों ने नमाज अदा की। ऐशबाग ईदगाह में इमाम मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली ने नमाज पढ़ाई और मुल्क में शांति व खुशहाली की दुआ कराई। टीले वाली मस्जिद में सुबह नौ बजे नमाज अदा की गई, जबकि शिया समुदाय ने आसिफी मस्जिद में इकट्ठा होकर नमाज पढ़ी।
राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। पूरे शहर को जोन और सेक्टर में बांटा गया था। 94 ईदगाहों और 1200 से अधिक मस्जिदों में नमाज के दौरान पुलिस और प्रशासन की टीम तैनात रही। कई संवेदनशील इलाकों में ड्रोन कैमरों से निगरानी की गई। यातायात व्यवस्था संभालने के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए थे। समाजवादी पार्टी के विधायक रविदास मेहरोत्रा और वरिष्ठ नेता नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने इबादतगाह पहुंचकर लोगों को ईद की मुबारकबाद दी।

नमाज के बाद लोगों ने कुर्बानी की रस्म अदा की। घरों में सेवईं, कबाब, बिरयानी समेत कई लजीज पकवान तैयार किए गए और मेहमानों की खातिरदारी का सिलसिला देर तक चलता रहा। राजधानी के आसपास के जिलों समेत वाराणसी, कानपुर, प्रयागराज, मेरठ, गोरखपुर, बरेली, अलीगढ़ और अन्य जिलों में भी ईद-उल-अजहा का पर्व पूरे उत्साह और भाईचारे के माहौल में मनाया गया। मस्जिदों और ईदगाहों में लोगों ने देश और प्रदेश की खुशहाली के लिए दुआएं मांगीं।






