योगेंद्र मलिक
चम्पावत, 31 मार्च 2026:
चम्पावत में विकास को रफ्तार देने के लिए मुख्यमंत्री ने 36.83 करोड़ रुपये की 17 योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें 7.12 करोड़ की लागत से बनी 4 योजनाओं का लोकार्पण हुआ, जबकि 29.71 करोड़ की 13 योजनाओं की आधारशिला रखी गई।
कार्यक्रम के दौरान गांधी चौक पर 100 फीट ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज का अनावरण भी किया गया। कार्यक्रम में वीर सैनिकों, वीर नारियों और पर्यावरण मित्रों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि तिरंगा देश की एकता और संप्रभुता का प्रतीक है, जो लोगों में देश के लिए कुछ करने का जज्बा जगाता है।

उन्होंने कहा कि चम्पावत को आदर्श जनपद बनाने की दिशा में काम तेज़ी से चल रहा है। जिले में 117 करोड़ से ज्यादा की लागत से गोलज्यू कॉरिडोर का निर्माण जारी है, जिससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए जिला अस्पताल में 20 करोड़ की लागत से 50 बेड का क्रिटिकल केयर यूनिट तैयार किया गया है। साथ ही 5 करोड़ रुपये से सीटी स्कैन और एमआरआई जैसी जांच सुविधाएं शुरू की गई हैं, जिससे मरीजों को बाहर नहीं जाना पड़ेगा।
शिक्षा के क्षेत्र में 57 करोड़ की लागत से बन रहा साइंस सेंटर बच्चों को नई तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जोड़ने में मदद करेगा। वहीं शारदा कॉरिडोर के निर्माण से पर्यटन के साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के मौके भी बढ़ेंगे। खेल को बढ़ावा देने के लिए लोहाघाट में 257 करोड़ की लागत से राज्य का पहला महिला स्पोर्ट्स कॉलेज बनाया जा रहा है। इसके अलावा भारत-नेपाल सीमा पर ड्राई पोर्ट और 8.99 करोड़ की लागत से वृद्धाश्रम का निर्माण भी जारी है।






