योगेंद्र मलिक
नई दिल्ली/देहरादून, 28 मार्च 2026:
उत्तराखंड में रेल नेटवर्क मजबूत करने और कुंभ 2027 की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दिल्ली में केंद्रीय मंत्री अश्वनी वैष्णव से मुलाकात की। इस दौरान राज्य की कई अहम परियोजनाओं को लेकर चर्चा हुई और केंद्र से सहयोग मांगा गया।
बैठक में धामी ने कुंभ 2027 की तैयारियों का जिक्र करते हुए इसे डिजिटल कुंभ के रूप में विकसित करने की योजना साझा की। इसके लिए सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय से करीब 143.96 करोड़ रुपये की मदद मांगी गई है।
रेल कनेक्टिविटी को लेकर उन्होंने कहा कि राज्य में पर्यटन तेजी से बढ़ रहा है, जिससे यातायात पर दबाव भी बढ़ा है। इसे देखते हुए हरिद्वार और ऋषिकेश तक आरआरटीएस के विस्तार की जरूरत बताई गई। साथ ही ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल प्रोजेक्ट को 2026 तक पूरा कर शुरू करने का अनुरोध किया गया। इसके अलावा टनकपुर-बागेश्वर रेल परियोजना को राष्ट्रीय परियोजना का दर्जा देने की मांग रखी गई। बागेश्वर-कर्णप्रयाग रेल लाइन के लिए फाइनल लोकेशन सर्वे की मंजूरी और हरिद्वार-देहरादून रेल लाइन के दोहरीकरण पर भी जोर दिया गया।
बैठक में रायवाला क्षेत्र में बाई-डक ब्रिज के विकास, चारधाम रेल परियोजना के तहत डोईवाला- उत्तरकाशी और कर्णप्रयाग-पीपलकोटी सेक्शन के सर्वे को जल्द पूरा करने की बात भी उठाई गई। मोहंड-देहरादून-सहारनपुर रेल लाइन को प्राथमिकता देने का आग्रह भी किया गया। केंद्रीय मंत्री ने सभी प्रस्तावों पर सकारात्मक रुख दिखाया व उत्तराखंड में रेल कनेक्टिविटी बेहतर बनाने के लिए केंद्र सरकार के सहयोग का वादा किया।






