Sitapur City

दहेज की भेंट चढ़ी नेहा… पोस्टमार्टम के बाद भड़का परिवार, दो घंटे जाम रहा महमूदाबाद मार्ग

सीतापुर में एक विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत के बाद परिजनों ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए शव रखकर सड़क जाम किया। पुलिस ने पति और सास को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है

सीतापुर, 31 जनवरी 2026:

उत्तर प्रदेश में सीतापुर जिले के सदरपुर थाना क्षेत्र के मरखापुर गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। गांव से बाहर एक कार में महिला अचेत अवस्था में मिली, जिसे परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शुक्रवार की देर शाम मृतका के मायके पक्ष ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए शव रखकर सड़क जाम कर दिया।

कार में मिली अचेत, अस्पताल में मौत

मृतका की पहचान मोहलीपुरवा लालपुर निवासी नेहा के रूप में हुई है, जिसकी शादी करीब दो साल पहले मरखापुर निवासी अनिरुद्ध वर्मा से हुई थी। मृतका के भाई शिवम वर्मा के अनुसार गुरुवार रात सूचना मिली कि बहन ने फांसी लगा ली है। जब वह ससुराल पहुंचे तो न बहन मिली और न ही कोई ससुराल वाला मौजूद था। बाद में गांव से बाहर मंदिर के पास खड़ी कार में नेहा अचेत अवस्था में मिली, जिसमें उसकी सास और दो अन्य महिलाएं मौजूद थीं। परिजन ने नेहा को सीएचसी महमूदाबाद पहुंचाया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।

bf300219-5448-4826-9900-94a23cbb73f1

दहेज के लिए हत्या का आरोप

मृतका के भाई ने आरोप लगाया कि शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल वाले दहेज में 10 लाख रुपये की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर नेहा को लगातार धमकाया जा रहा था। परिजनों का आरोप है कि ससुराल वालों ने नेहा की गला घोंटकर हत्या की और मामले को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की।

शव रखकर प्रदर्शन, दो घंटे जाम रही सड़क

पोस्टमार्टम के बाद शुक्रवार देर शाम को आक्रोशित परिजनों ने महमूदाबाद-बहराइच मार्ग पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर विधायक आशा मौर्य, एएसपी दुर्गेश प्रताप सिंह और कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने परिजनों को समझाया और कार्रवाई का भरोसा दिया, जिसके बाद जाम खुल सका। इस दौरान करीब दो घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।

पति और सास गिरफ्तार, जांच जारी

थाना प्रभारी राजेश कुमार के मुताबिक मृतका के भाई की तहरीर पर पति अनिरुद्ध वर्मा, सास किरन, जेठानी समेत चार लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पति और सास को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button