Lucknow City

IPL मैच से पहले इकाना किले में तब्दील, भीड़ की सुरक्षा के लिए मल्टीलेयर सिक्योरिटी प्लान लागू

तीन सुपर जोन, छह जोन और 16 सेक्टर में बांटी सुरक्षा व्यवस्था, 1000 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात, ड्रोन-सीसीटीवी से हर गतिविधि पर नजर

लखनऊ, 1 अप्रैल 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ के इकाना स्टेडियम में आज शाम होने वाले आईपीएल मैच को लेकर सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी और बहुस्तरीय बनाई गई है। मैच के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था या सुरक्षा चूक से बचने के लिए पुलिस और प्रशासन ने व्यापक तैयारी की है।

सुरक्षा व्यवस्था को तीन सुपर जोन, छह जोन और 16 सेक्टर में विभाजित किया गया है। इन सभी क्षेत्रों में वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में पुलिस बल तैनात किया गया है। ड्यूटी पर तीन पुलिस उपायुक्त (DCP), छह अपर पुलिस उपायुक्त (ADCP), 16 सहायक पुलिस आयुक्त (ACP), 35 निरीक्षक, 254 उप निरीक्षक और 465 मुख्य आरक्षी लगाए गए हैं। महिला सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 130 महिला पुलिसकर्मियों की अलग से तैनाती की गई है।

एंटी टेररिस्ट स्क्वॉयड भी रहेगा मुस्तैद

स्टेडियम परिसर और आसपास के इलाकों की निगरानी हाईटेक तरीके से की जाएगी। सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के जरिए हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी जबकि कंट्रोल रूम से लगातार मॉनिटरिंग होगी। इसके अलावा बम निरोधक दस्ता (BDDS), एंटी टेररिस्ट स्क्वॉयड (ATS), इंटेलिजेंस यूनिट और वायरलेस टीम भी पूरी तरह सतर्क रहेगी। पांच कंपनी और दो बटालियन पीएसी के साथ एक कंपनी आरएएफ को भी तैनात किया गया है।

WhatsApp Image 2026-04-01 at 12.02.43 PM

खिलाड़ियों, वीवीआईपी और दर्शकों के लिए अलग-अलग रूट

भीड़ प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए स्टेडियम के सभी गेटों पर अलग-अलग प्रवेश और निकास व्यवस्था लागू की गई है। वीवीआईपी, खिलाड़ियों, मीडिया और आम दर्शकों के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए गए हैं। स्टेडियम के भीतर और बाहर प्रमुख स्थानों पर पुलिस बूथ, मेडिकल बूथ और कंट्रोल यूनिट स्थापित किए गए हैं जिससे किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।

यातायात व्यवस्था को भी सुव्यवस्थित रखने के लिए विशेष प्लान तैयार किया गया है। ट्रैफिक को दो सुपर जोन, तीन जोन, नौ सेक्टर और 24 सब-सेक्टर में बांटा गया है। इसके तहत ट्रैफिक पुलिस के दो DCP, तीन ADCP, नौ ACP, 28 निरीक्षक, 161 उप निरीक्षक, 391 आरक्षी और 108 होमगार्ड तैनात किए गए हैं।

इसके अलावा पार्किंग स्थलों का निर्धारण कर वाहनों की सुव्यवस्थित पार्किंग सुनिश्चित की गई है। आम लोगों को परेशानी से बचाने के लिए वैकल्पिक मार्ग भी तय किए गए हैं, जिन पर ट्रैफिक पुलिस लगातार पेट्रोलिंग कर लोगों को दिशा-निर्देश देगी।

पुलिस प्रशासन ने दर्शकों से अपील की है कि वे सुरक्षा जांच में सहयोग करें, निर्धारित गेट और पार्किंग का ही उपयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की सूचना तुरंत पुलिस को दें। साथ ही यातायात नियमों और डायवर्जन का पालन करने की भी सलाह दी गई है।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button