Uttar Pradesh

थाने के गेट पर मिला फर्जी दरोगा…व्यापारी से 40 हजार हड़पे, ऐसे दिया झांसा

सरसों बेचने के बहाने व्यापारी को थाने बुलाया, रुपये लेकर अंदर घुसा और हो गया रफूचक्कर, पुलिस बोली वर्दी नहीं खाकी जैकेट पहने था, फुटेज के सहारे हो रही जांच

अयोध्या, 8 फरवरी 2026:

रौनाही थाने के गेट पर ही एक शातिर ठग ने खुद को दरोगा बताकर सरसों तेल के व्यापारी से 40 हजार रुपये ठग लिए। रुपये लेने के बाद आरोपी थाना परिसर में जाने की बात कहकर अंदर गया और फिर वापस नहीं लौटा।

बताया गया कि सुचित्तागंज निवासी राधेश्याम वर्मा सरसों तेल का कारोबार करते हैं। व्यापारी का कहना है कि एक व्यक्ति पुलिसकर्मी जैसे हुलिये में बाइक से उनकी दुकान पर पहुंचा। उसने खुद को थाना प्रभारी का करीबी बताते हुए कहा कि थाने में रखी सरसों बेची जानी है और इसी बहाने व्यापारी को अपने साथ थाने ले गया।

आरोप है कि ठग ने बताया कि थानाध्यक्ष के पास करीब आठ क्विंटल सरसों रखी है। उसने कांटा तराजू को ई रिक्शा पर लदवाया और व्यापारी को बाइक से थाने लेकर पहुंचा। थाना गेट पर पहुंचते ही सरसों की कीमत के नाम पर आरोपी ने व्यापारी से 40 हजार रुपये ले लिए।

पुलिसकर्मी समझकर व्यापारी ने बिना किसी शक के रुपये दे दिए। इसके बाद आरोपी ने कहा कि वह सरसों लेकर आता है और व्यापारी को गेट पर ही रुकने को कहा। काफी देर तक जब वह वापस नहीं लौटा तो व्यापारी ने थाने में जाकर पुलिसकर्मियों से जानकारी ली, तब जाकर ठगी का मामला सामने आया।

व्यापारी के मुताबिक आरोपी ने हेलमेट पहन रखा था, जिससे उसका चेहरा ठीक से नजर नहीं आया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि वारदात के बाद ठग अयोध्या की ओर भाग निकला।

इस मामले में थाना प्रभारी लालचंद सरोज ने बताया कि आरोपी ने पुलिस की वर्दी नहीं पहनी थी, बल्कि खाकी रंग की जैकेट पहने हुए था। पीड़ित बाइक का पूरा नंबर नहीं बता पा रहा है। थाना परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपी की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button