सीतापुर, 4 फरवरी 2026:
उत्तर प्रदेश में सीतापुर जिले के सदरपुर थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां 12 साल का एक किशोर मंगलवार शाम लगभग 4 बजे घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने आसपास काफी तलाश की, मगर उसका कोई पता नहीं चला। पूरी रात परिवार अनहोनी की आशंका में परेशान रहा।
खेत में पेड़ से लटका मिला शव
आज सुबह लगभग 18 घंटे बाद सदरपुर थाना क्षेत्र के टेढ़ीपुरवा गांव के पास केवानी नदी किनारे स्थित गन्ने के खेत में ग्रामीणों ने एक किशोर का शव पेड़ से लटका देखा। शव प्लास्टिक की पतली रस्सी के सहारे फंदे पर झूल रहा था। यह खेत अबरार नामक व्यक्ति का बताया जा रहा है। शव देखते ही गांव में अफरा तफरी मच गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
पहचान होते ही मचा कोहराम
सूचना मिलते ही सदरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। कुछ ही देर में परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। शव की पहचान होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक की पहचान चाहत पुत्र हरिशंकर भार्गव उम्र करीब 12 वर्ष, निवासी देवरिया खुर्द, थाना सदरपुर के रूप में हुई। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण भी इकट्ठा हो गए।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया
पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। इसके साथ ही घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया और जरूरी साक्ष्य एकत्र किए गए। परिजनों से भी पूछताछ की गई है।
आत्महत्या या हत्या, हर एंगल से जांच
पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन किशोर ने ऐसा कदम क्यों उठाया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस आत्महत्या और हत्या दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो सकेगी। फिलहाल गांव में शोक और डर का माहौल है।






