हरदोई, 18 जनवरी 2026:
किसानों के लिए फार्मर रजिस्ट्री बनवाना अब अनिवार्य कर दिया गया है। इसी रजिस्ट्री के आधार पर प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना समेत कृषि विभाग की सभी योजनाओं का लाभ मिलेगा। इसके बावजूद जिले में बड़ी संख्या में किसान अब तक फार्मर रजिस्ट्री नहीं बनवा पाए हैं।
अगर समय रहते फार्मर रजिस्ट्री नहीं बनी, तो करीब सवा तीन लाख किसान पीएम किसान योजना की 22वीं किस्त से वंचित रह सकते हैं। इससे उन्हें आर्थिक नुकसान झेलना पड़ सकता है।
जिले में पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत कुल 8,03,250 किसान पंजीकृत हैं। इनमें से अब तक 4,81,490 किसानों की फार्मर रजिस्ट्री आईडी बन चुकी है, जबकि 3,21,760 किसानों की रजिस्ट्री अभी बाकी है।

उप निदेशक कृषि सतीश पांडेय ने बताया कि किसानों की सहूलियत के लिए गांव-गांव फार्मर रजिस्ट्री शिविर लगाए जा रहे हैं। यह विशेष अभियान 25 जनवरी तक चलेगा। इसके साथ ही जागरूकता के लिए प्रचार वाहन भी चलाए जा रहे हैं, ताकि ज्यादा से ज्यादा किसानों तक जानकारी पहुंच सके।
उन्होंने बताया कि इस बार सिर्फ उन्हीं किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि की 22वीं किस्त मिलेगी, जिनकी फार्मर रजिस्ट्री आईडी तैयार होगी। इसके अलावा बाकी सरकारी योजनाओं का लाभ भी इसी आधार पर मिलेगा।
किसान जन सेवा केंद्र के माध्यम से खुद अपनी फार्मर रजिस्ट्री करवा सकते हैं। इसके अलावा ब्लॉक स्तर पर स्थित कृषि बीज भंडार केंद्रों पर भी यह सुविधा उपलब्ध है। कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे जल्द से जल्द अपनी फार्मर रजिस्ट्री बनवा लें, ताकि किसी भी तरह का नुकसान न हो और सरकारी योजनाओं का पूरा फायदा मिल सके।






