National

84 लाख युवाओं तक पहुंचा एक आइडिया, जानिए अखबार बेचने वाला लड़का कैसे बना इंटरनेशनल यूथ आइकॉन

बचपन में मजदूरी और गरीबी झेलने वाले अमन कुमार ने डिजिटल प्लेटफॉर्म और सरकारी सहयोग से युवाओं के लिए अवसरों का मजबूत नेटवर्क खड़ा किया और आज देश-विदेश में इंटरनेशनल यूथ आइकॉन के रूप में पहचान बना चुके हैं

लखनऊ, 3 फरवरी 2026:

उत्तर प्रदेश का एक साधारण सा लड़का, जो कभी साइकिल पर अखबार बेचकर परिवार का गुजारा करता था आज राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर यूपी और भारत का नाम रोशन कर रहा है। बागपत जिले के छोटे से गांव ट्यौढी के रहने वाले अमन कुमार आज इंटरनेशनल यूथ आइकॉन के रूप में पहचान बना चुके हैं। गरीबी, बाल मजदूरी और सीमित संसाधनों से जूझते हुए अमन ने यह साबित कर दिया कि सही दिशा, संकल्प और अवसर मिल जाएं तो हालात बदले जा सकते हैं।

गरीबी से जूझता बचपन, लेकिन बड़े सपने

अमन कुमार का बचपन संघर्षों से भरा रहा। कम उम्र में ही उन्हें मजदूरी और अखबार बेचने का काम करना पड़ा। उस दौर में पढ़ाई जारी रखना भी चुनौती था, लेकिन हालात के आगे हार मानने के बजाय उन्होंने अपने सपनों को जिंदा रखा। अमन का कहना है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार की युवा केंद्रित नीतियों और डिजिटल पहलों ने उन्हें आगे बढ़ने का आत्मविश्वास दिया।

युवाओं के लिए जानकारी का डिजिटल प्लेटफार्म

अमन कुमार वर्तमान में उत्तर प्रदेश सरकार के युवा कल्याण विभाग से जुड़े उड़ान यूथ क्लब के अध्यक्ष हैं। उन्होंने 12वीं के बाद युवाओं को जोड़ने के लिए एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया, जो आगे चलकर वेबसाइट प्रोजेक्ट ‘कॉन्टेस्ट 360’ में बदल गया। इस वेबसाइट के जरिए शिक्षा, स्कॉलरशिप, करियर और सरकारी अवसरों की जानकारी एक क्लिक पर उपलब्ध कराई गई। अब तक 84 लाख से अधिक युवा इस प्लेटफार्म का उपयोग कर चुके हैं।

कांवड़ यात्रा के लिए बनाया डिजिटल समाधान

अमन ने प्रशासन के साथ मिलकर वर्ष 2022 में कांवड़ यात्रा ऐप तैयार किया, जिससे श्रद्धालुओं को यात्रा मार्ग, चिकित्सा सुविधा, शिविर, आपात संपर्क और प्रशासनिक सहायता की जानकारी एक ही मंच पर मिली। इस ऐप का उपयोग साढ़े तीन लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किया। इसके बाद लोकसभा चुनाव के दौरान उन्होंने स्वीप बागपत ऐप बनाकर निर्वाचन आयोग की जानकारी सवा लाख मतदाताओं तक पहुंचाई।

जिला प्रशासन के साथ मिलकर नई पहल

बागपत की जिलाधिकारी अस्मिता लाल के मार्गदर्शन में अमन प्रशासनिक नवाचारों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। सूचना विभाग के सहयोग से उन्होंने सूचना सेतु ऐप विकसित किया, जिससे अधिकारी और सरकारी योजनाएं एक क्लिक पर उपलब्ध हुईं। इसके अलावा बागपत फॉर एनिमल्स ऐप के जरिए पशु कल्याण और ग्राम पंचायत फैजपुर निनाना की वेबसाइट बनाकर डिजिटल पंचायत की दिशा में भी अहम कदम उठाया।

राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर पहचान

अमन के कार्यों को राष्ट्रीय स्तर पर तब पहचान मिली जब उन्हें उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा स्वामी विवेकानंद यूथ अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। आज वह यूनेस्को ग्लोबल यूथ कम्युनिटी, यूनेस्को इन्क्लूसिव पॉलिसी लैब नेटवर्क, यूनेस्को मीडिया इन्फॉर्मेशन लिटरेसी एलायंस, यूनिसेफ नेशनल यू एंबेसडर, हंड्रेड फाउंडेशन, नेचर पॉजिटिव यूनिवर्सिटीज, क्लाइमेट कार्डिनल्स और यांगो जैसे संगठनों से जुड़े हैं।

प्रधानमंत्री के सामने युवाओं की अगुवाई

वर्ष 2026 में आयोजित विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग में अमन को टीम यूपी का ग्रुप कैप्टन बनाया गया, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समक्ष युवाओं का प्रतिनिधित्व किया। इसके अलावा उन्होंने नोबेल शांति पुरस्कार विजेता कैलाश सत्यार्थी के साथ भी काम किया है, जिससे उनकी पहचान और मजबूत हुई।

सम्मान और उपलब्धियों की लंबी सूची

अमन कुमार को वर्ष 2025 में आई वॉलंटियर अवॉर्ड, यूनिसेफ इंडिया का मोस्ट वैल्यूएबल यू रिपोर्टर अवॉर्ड, यंग ट्रांसफॉर्मर्स अवॉर्ड, शिक्षा रत्न सम्मान जैसे कई प्रतिष्ठित सम्मान मिल चुके हैं। भारत सरकार के माई भारत संस्थान ने उन्हें उत्तर प्रदेश में यूथ मेंटर भी नियुक्त किया है। आज अमन लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा बन चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button