National

FSSAI : ‘एवरेस्ट’ के जीरा पाउडर का सैंपल जांच में फेल, पूरा बैच वापस, बेकरी में दिखे कीड़े, मकड़ी के जाले, लाइसेंस सस्पेंड

FSSAI की जांच में तय सीमा से अधिक कीटनाशक एज़ोक्सीस्ट्रोबिन और थियामेथोक्सम की मात्रा मिली, रेफरल लैब ने भी जीरा पाउडर को UNSAFE माना, बेकरी परिसर में गंदगी, मक्खियां, चूहों का प्रकोप और जंग लगे उपकरण मिले

न्यूज डेस्क, 5 अक्टूबर 2026:

भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने खाद्य सुरक्षा से जुड़ी गंभीर कमियों पर दो कंपनियों के खिलाफ कार्रवाई की है। M/s एवरेस्ट फूड प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के प्री-पैक्ड जीरा पाउडर का एक बैच बाजार से वापस मंगाने का आदेश दिया गया है। वहीं क्रिएटिव बेकर्स एंड कन्फेक्शनर्स प्राइवेट लिमिटेड का FSSAI लाइसेंस सस्पेंड कर दिया गया है।

एवरेस्ट के जीरा पाउडर का सैंपल जांच में फेल

एवरेस्ट फूड प्रोडक्ट्स के प्री-पैक्ड जीरा पाउडर का रेगुलेटरी सैंपल M/s रिवरसाइड रिसॉर्ट्स एंड हॉलिडे होम्स प्राइवेट लिमिटेड, गोवा के परिसर से लिया गया था। फूड एनालिस्ट की जांच में जीरा पाउडर में एज़ोक्सीस्ट्रोबिन और थियामेथोक्सम के कीटनाशक अवशेष निर्धारित अधिकतम सीमा से ज्यादा पाए गए। फूड एनालिस्ट ने सैंपल को UNSAFE घोषित किया। FBO को रिपोर्ट के खिलाफ अपील का मौका दिया गया। इसके बाद सैंपल को रेफरल फूड लेबोरेटरी भेजा गया।

रेफरल लैब ने भी बताई तय सीमा से ज्यादा मात्रा

रेफरल फूड लेबोरेटरी की जांच में भी एज़ोक्सीस्ट्रोबिन और थियामेथोक्सम के अवशेष निर्धारित अधिकतम सीमा से ज्यादा पाए गए। लैब ने भी सैंपल को UNSAFE माना। इसके बाद FSSAI ने बैच नंबर E080668761 वाले प्री-पैक्ड जीरा पाउडर के पूरे संबंधित बैच को तत्काल बाजार से वापस मंगाने का निर्देश दिया। FBO को रिकॉल किए गए उत्पाद का पूरा रिकॉर्ड रखने और तय समय-सीमा में रिकॉल से जुड़ी जानकारी व स्टेटस रिपोर्ट जमा करने को कहा गया है। इसके साथ ही ऐसी घटना दोबारा न हो, इसके लिए सुधारात्मक कदम उठाने और रिकॉल पूरा होने के बाद रिपोर्ट जमा करने का निर्देश दिया गया है।

ये भी पढ़ें:

क्रिएटिव बेकर्स के परिसर में सफाई व्यवस्था पर गंभीर सवाल

दूसरी कार्रवाई क्रिएटिव बेकर्स एंड कन्फेक्शनर्स प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ हुई। खाद्य परिसर के निरीक्षण में उत्पादन और खाद्य हैंडलिंग वाले इलाकों में गंदगी, ग्रीस, धूल, मकड़ी के जाले और मक्खियां मिलीं। जल्दी खराब होने वाला कच्चा माल खुले में रखा गया था। कच्चे और आधे-तैयार उत्पादों के लिए जंग लगे और ठीक से साफ नहीं किए गए कंटेनर इस्तेमाल हो रहे थे। निरीक्षण में कीड़ों-मकोड़ों का भी काफी प्रकोप मिला।

चूहों से बचाव के इंतजाम भी नहीं मिले

निरीक्षण में मक्खियों को रोकने के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे। चूहों से बचाव के उचित उपाय भी नहीं मिले। खिड़कियों और खुली जगहों पर कीड़ों को रोकने वाली जाली तक नहीं लगी थी। खाद्य हैंडलिंग वाले इलाकों में कचरा, पुराना स्टॉक, रिजेक्टेड लॉट और कबाड़ जमा मिला। इसके अलावा जंग लगे उपकरण, उखड़ती पेंट, सीलन और टूटी हुई फर्श की टाइलें भी पाई गईं।

जरूरी खाद्य सुरक्षा रिकॉर्ड भी नहीं मिले

निरीक्षण में पानी और तैयार उत्पाद की टेस्टिंग, समय-तापमान की निगरानी, कैलिब्रेशन, प्रिवेंटिव मेंटेनेंस, मॉक रिकॉल, ग्राहकों की शिकायतें, ट्रेनिंग और ऑडिट से जुड़े जरूरी रिकॉर्ड और सिस्टम भी ठीक से नहीं रखे गए थे। इन गंभीर कमियों के बाद FSSAI ने क्रिएटिव बेकर्स एंड कन्फेक्शनर्स प्राइवेट लिमिटेड का लाइसेंस सस्पेंड कर दिया। वहीं कंपनी को सस्पेंशन की अवधि में खाद्य कारोबार से जुड़ी सभी गतिविधियां बंद रखने का निर्देश दिया गया है।

ये भी पढ़ें  आग की आफत से राहत दिलाएगा आधुनिक फायर स्टेशन, भूमि पूजन हुआ

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link