Hardoi City

बकरियों का जन्मदिन बना गांव का त्योहार, ढोल-डीजे और दावत में झूमा पूरा इलाका

हरदोई के गौरा डांडा गांव के पशुपालक ने अपनी दो बकरियों ‘स्वीटी’ और ‘मोनिका’ के जन्मदिन पर बाकायदा निमंत्रण पत्र छपवाकर ग्रामीणों को आमंत्रित किया, करीब 200 मेहमानों के लिए हुई शानदार दावत

हरदोई, 16 फरवरी 2026:

यूपी के हरदोई जिले में पशु-प्रेम की एक अनोखी मिसाल देखने को मिली। इसकी चर्चा पूरे क्षेत्र में हो रही है। सदर तहसील के गौरा डांडा गांव निवासी पशुपालक लालाराम श्रीवास्तव ने अपनी दो बकरियों ‘स्वीटी’ और ‘मोनिका’ का जन्मदिन ऐसे भव्य अंदाज में मनाया कि पूरा गांव इस जश्न का साक्षी बन गया। यह आयोजन महज एक पार्टी नहीं बल्कि धार्मिक आस्था और सामाजिक सौहार्द का संगम बन गया।

लालाराम ने आयोजन से पहले बाकायदा निमंत्रण पत्र छपवाकर ग्रामीणों को आमंत्रित किया। समारोह की शुरुआत घर में रामायण और भागवत पाठ से हुई। धार्मिक अनुष्ठानों के बाद दोनों बकरियों को स्नान कराकर नए वस्त्र पहनाए गए और फूलों की मालाओं से उनका स्वागत किया गया। सजावट और व्यवस्था ऐसी थी मानो किसी परिवार के खास सदस्य का जन्मदिन मनाया जा रहा हो।

जैसे-जैसे कार्यक्रम आगे बढ़ा, गांव की गलियां संगीत से गूंज उठीं। डीजे की धुनों पर बच्चे, युवा और बुजुर्गों ने जमकर नृत्य किया। खुशी के इस माहौल में हर कोई शामिल होता नजर आया। गांववालों के मुताबिक ऐसा नजारा पहले कभी नहीं देखा गया जहां बेजुबानों के लिए पूरा गांव एक साथ जश्न मनाता दिखे।

WhatsApp Image 2026-02-16 at 1.28.59 PM

उत्सव के अंत में लालाराम ने करीब 200 मेहमानों के लिए शानदार दावत का इंतजाम किया। ग्रामीणों ने इस आयोजन की खुले दिल से सराहना की। लालाराम का कहना है कि ‘स्वीटी’ और ‘मोनिका’ उनके लिए सिर्फ पशु नहीं बल्कि परिवार के अभिन्न सदस्य हैं। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष भी उन्होंने इसी तरह जन्मदिन मनाया था। तब करीब 300 मेहमानों को आमंत्रित किया गया और 51 कन्याओं को भोजन कराया गया था।

ग्रामीणों के अनुसार यह आयोजन पशुओं के प्रति संवेदनशीलता और करुणा का संदेश देता है। हरदोई की यह अनोखी पहल बताती है कि इंसान और पशु के रिश्ते केवल उपयोग तक सीमित नहीं बल्कि प्रेम, सम्मान और अपनत्व से भी जुड़े हो सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button