Lucknow CityUttar Pradesh

लखनऊ, अयोध्या सहित 18 जिलों में कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी से हड़कंप… परिसरों में सघन तलाशी

लखनऊ में डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ते ने की चप्पे-चप्पे की जांच, दो दिन पहले भी ई-मेल के जरिए दी गई थी इसी तरह की धमकी

लखनऊ, 16 फरवरी 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ सहित प्रदेश के 18 जिलों में न्यायालयों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से सोमवार को हड़कंप मच गया। ई-मेल के जरिए भेजी गई इस धमकी के बाद पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। लखनऊ के साथ-साथ अयोध्या, वाराणसी, आजमगढ़, मेरठ और अमरोहा समेत कई जिलों के कोर्ट परिसरों में सघन तलाशी अभियान चलाया गया।

सोमवार सुबह धमकी की सूचना मिलते ही लखनऊ कचहरी में स्थानीय वजीरगंज पुलिस के साथ डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचा। कोर्ट परिसर के अंदर और आसपास के क्षेत्रों में गहन जांच की गई। आने-जाने वाले लोगों की सघन चेकिंग की गई और सभी प्रवेश द्वारों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया। सुरक्षा के मद्देनजर पूरे परिसर को घेराबंदी कर नियंत्रित किया गया। इससे अफरातफरी का माहौल बन गया।

WhatsApp Image 2026-02-16 at 1.07.33 PM

गौरतलब है कि दो दिन पहले भी इसी तरह की धमकी मिली थी जिसके बाद भी कोर्ट परिसरों में व्यापक तलाशी ली गई थी। लगातार दूसरी बार धमकी मिलने से प्रशासन की चिंता बढ़ गई है। हालांकि प्रारंभिक जांच में किसी भी कोर्ट परिसर से कोई संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति बरामद नहीं हुआ है। इसके बावजूद सुरक्षा एजेंसियां मामले को हल्के में नहीं ले रहीं और हर संभावित पहलू से जांच की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार धमकी भरे ई-मेल की सत्यता और उसके स्रोत का पता लगाने के लिए साइबर सेल की मदद ली जा रही है। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर भेजने वाले की पहचान करने की कोशिश तेज कर दी गई है। अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। प्रशासन का कहना है कि विस्तृत जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविकता स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल एहतियातन सभी संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।

ये भी पढ़ें  भाजपा नेता पर किया था जानलेवा हमला... पुलिस ने आरोपी को मुठभेड़ में गोली मारकर दबोचा

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button