अवैध खनन की जांच करने गई टीम पर हमला… डंपर ने खनन अधिकारी की बोलेरो को मारी ठोकर
हरदोई के बिलग्राम क्षेत्र में देर रात घटना, गाड़ी पलटी खेत में, सभी अधिकारी बाल-बाल बचे, केस दर्ज, आरोपी को खोज रही पुलिस
हरदोई, 19 दिसंबर 2025:
हरदोई जिले में अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई के दौरान खनन माफियाओं की दबंगई सामने आई। बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के सांपखेड़ा गांव के पास देर रात मिट्टी लदे डंपर ने जिला खनन अधिकारी की सरकारी बोलेरो में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में खनन अधिकारी और उनकी टीम सुरक्षित बच गई। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी डंपर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक जिला खनन अधिकारी शिवदयाल सिंह अपनी टीम के साथ अवैध खनन की शिकायतों पर निरीक्षण के लिए निकले थे। जब टीम पक्की सड़क से सांपखेड़ा गांव के अंदर कच्चे चकमार्ग पर पहुंची, तभी सामने से बिना नंबर प्लेट का मिट्टी से भरा पीला डंपर आता दिखाई दिया। खनन अधिकारी ने वाहन रोकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने रफ्तार बढ़ाते हुए सरकारी बोलेरो में जानबूझकर टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी तेज थी कि बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क से पलटते हुए पास के गेहूं के खेत में जा गिरी। गनीमत रही कि खनन अधिकारी, वाहन चालक अनुराग सिंह और टीम के अन्य सदस्य समय रहते गाड़ी से बाहर निकल गए, जिससे सभी की जान बच गई। हादसे के बाद आरोपी चालक डंपर को चकमार्ग पर पलट कर मौके से फरार हो गया। बोलेरो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है।
खनन अधिकारी शिवदयाल सिंह ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि डंपर चालक सुमित यादव निवासी परसौला थाना बिलग्राम ने सरकारी कार्य में बाधा डालने और जान लेने की नीयत से यह कृत्य किया। तहरीर में यह भी कहा गया है कि सुमित यादव पहले भी अवैध खनन के मामलों में संलिप्त रहा है और उसकी जेसीबी मशीन पूर्व में सीज की जा चुकी है। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है। फरार आरोपी और उसके अवैध खनन नेटवर्क की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।






