बिजनेस डेस्क, 1 जनवरी 2026:
नए साल 2026 की शुरुआत सोने की कीमतों में तेजी के साथ हुई है। आज यानी 1 जनवरी को सोने के दाम में बढ़ोतरी दर्ज की गई, जबकि चांदी की कीमत में गिरावट देखने को मिली। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन के अनुसार 10 ग्राम 24 कैरेट सोना 266 रुपये महंगा होकर 1,33,461 रुपये पर पहुंच गया। इससे एक दिन पहले सोने का भाव 1,33,195 रुपये प्रति 10 ग्राम था।
चांदी के दाम में आई गिरावट
जहां सोने में हल्की मजबूती आई, वहीं चांदी की कीमत में गिरावट दर्ज की गई। एक किलो चांदी का भाव 1,170 रुपये कम होकर 2,29,250 रुपये प्रति किलो हो गया। बुधवार को चांदी 2,30,420 रुपये प्रति किलो पर थी। यह लगातार तीसरा दिन है जब सोने और चांदी के दाम में गिरावट का रुख बना हुआ है।

आज के ताजा सोने के रेट
आज 14 कैरेट सोना 78,075 रुपये, 18 कैरेट 1,00,096 रुपये, 22 कैरेट 1,22,250 रुपये और 24 कैरेट 1,33,461 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर रहा। प्रमुख शहरों में 24 कैरेट सोने की कीमत जयपुर, दिल्ली और लखनऊ में 1,35,210 रुपये, अहमदाबाद और पटना में 1,35,110 रुपये, मुंबई और कोलकाता में 1,35,060 रुपये, रायपुर में 1,36,060 रुपये और चेन्नई में 1,36,140 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज की गई।

ऑल टाइम हाई से नीचे आए भाव
बीते दिनों की बात करें तो 29 दिसंबर को कारोबार के दौरान सोने की कीमत 1,38,161 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गई थी, जबकि चांदी का भाव 2,43,483 रुपये प्रति किलो रहा था। यह अब तक का सबसे ऊंचा स्तर था। इसके बाद से दोनों कीमती धातुओं के दाम में कुछ नरमी देखने को मिली है।
2025 में रिकॉर्ड तेजी का साल
पिछला साल यानी 2025 सोने और चांदी के लिए ऐतिहासिक रहा। पूरे साल में सोना 57,033 रुपये यानी करीब 75 प्रतिशत महंगा हुआ। 31 दिसंबर 2024 को जहां 24 कैरेट सोना 76,162 रुपये प्रति 10 ग्राम था, वहीं 31 दिसंबर 2025 को यह 1,33,195 रुपये तक पहुंच गया। चांदी ने भी जबरदस्त छलांग लगाई और साल भर में 1,44,403 रुपये यानी 167 प्रतिशत की तेजी दर्ज की। 2024 के अंत में चांदी 86,017 रुपये प्रति किलो थी, जो 2025 के आखिरी दिन 2,30,420 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई।






