Uttar Pradesh

‘ग्रेटर आगरा’ का शंखनाद : 6466 करोड़ की परियोजनाओं से ताजनगरी को विकास का मेगा पैकेज

सीएम योगी ने किया 325 परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास, दूसरा नोएडा बनेगा आगरा, रोजगार, इंफ्रास्ट्रक्चर और पर्यटन को मिलेगा नया आयाम

आगरा, 8 अप्रैल 2026:

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 6466.37 करोड़ रुपये की 325 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास कर ताजनगरी आगरा को विकास की एक ऐतिहासिक सौगात दी। आगरा इनर रिंग रोड के पास रहनकलां में आयोजित भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने ‘ग्रेटर आगरा’ टाउनशिप का भूमिपूजन कर शहर के भविष्य की नई रूपरेखा पेश की।

ब्रजभूमि को नमन करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘ग्रेटर आगरा’ केवल एक स्मार्ट सिटी नहीं बल्कि पूरी तरह सुरक्षित और आधुनिक शहर होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार का लक्ष्य आगरा को केवल पर्यटन तक सीमित रखना नहीं अपितु इसे सांस्कृतिक, आर्थिक और औद्योगिक केंद्र के रूप में विकसित करना है। योगी ने विश्वास जताया कि यह टाउनशिप आने वाले समय में ‘दूसरा नोएडा’ बनकर उभरेगा जहां बड़ी कंपनियों के निवेश से युवाओं के लिए रोजगार के व्यापक अवसर पैदा होंगे।

प्रदेश सरकार की नए शहर प्रोत्साहन योजना के तहत आगरा विकास प्राधिकरण (एडीए) द्वारा विकसित की जा रही इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर करीब 5142 करोड़ रुपये खर्च होंगे। रायपुर और रहनकलां क्षेत्र में 449.65 हेक्टेयर में फैली इस टाउनशिप में 10 हजार से अधिक परिवारों के लिए मल्टीस्टोरी फ्लैट्स, ग्रुप हाउसिंग और प्लॉट्स की व्यवस्था होगी।

WhatsApp Image 2026-04-08 at 8.24.40 AM

इसके साथ ही आधुनिक सड़कें, सीवरेज सिस्टम, हरित क्षेत्र और अत्याधुनिक नागरिक सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। खास बात यह है कि इसके सेक्टरों का नाम गंगा, यमुना, सरस्वती और गोदावरी जैसी पवित्र नदियों के नाम पर रखा जाएगा। यह आस्था और आधुनिकता का अनूठा संगम प्रस्तुत करेगा।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने खराब मौसम का जिक्र करते हुए बताया कि उन्हें मथुरा-वृंदावन मार्ग से लौटना पड़ा और करीब डेढ़ घंटे तक आगरा एयरपोर्ट पर इंतजार करना पड़ा। इसके बावजूद जनता के भारी उत्साह ने उन्हें अभिभूत कर दिया। उन्होंने आगरा की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यहां के लोगों ने भाजपा को 9 विधायक, मेयर, सांसद और जिला पंचायत अध्यक्ष दिए हैं। इसके बदले में सरकार ने शहर को आगरा मेट्रो जैसी बड़ी सौगात दी है।

मुख्यमंत्री ने भविष्य की योजनाओं का संकेत देते हुए बताया कि आगरा एयरपोर्ट के विकास को तेज किया जाएगा। इस वर्ष के अंत तक नया सिविल टर्मिनल शुरू करने का लक्ष्य है। फतेहपुर सीकरी के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा और समय पर डीपीआर तैयार होने पर रबर डैम परियोजना को भी धरातल पर उतारा जाएगा।

अपने संबोधन में योगी आदित्यनाथ ने वैश्विक परिदृश्य का जिक्र करते हुए कहा कि जहां दुनिया के कई देश युद्ध और महंगाई से जूझ रहे हैं वहीं पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि अनुच्छेद 370 हटने से कश्मीर में आतंकवाद की कमर टूटी है। देश में नक्सलवाद भी समाप्ति की ओर है।
इस अवसर पर केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह, कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य, योगेंद्र उपाध्याय, धर्मवीर प्रजापति, सांसद राजकुमार चाहर, राज्यसभा सांसद नवीन जैन, महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button